राम भक्तों पर गोली चलवाने वालों को लगेगा डंक : सीएम

उत्तरप्रदेश लाइव राष्ट्रीय लखनऊ

लखनऊ। राजेन्द्र तिवारी
भगवान राम के भक्तों पर गोली चलवाने वालों को बिच्छू का डंक लगेगा। कांग्रेस सरकार में राम मंदिर नहीं बन पाता। सपा व बहुजन समाज पार्टी भी नहीं बना पाती। अब मंदिर निर्माण को देख विपक्ष के अब लोग बोलने लगे हैं कि हम अब स्मारक नहीं बनाएंगे। यह बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर में कहीं। उन्होंने विपक्ष को निशाने पर लेते हुए कहा कि रामभक्तों पर गोली चलाने वाले न तो मंदिर बना पाते, न 370 हटाते और न ही तीन तलाक हटा पाते। सवा सात वर्ष पीएम मोदी न झुके, न थके, न डिगे, निरन्तर देश के लिए कार्य कर रहे हैं। मोदी की प्रेरणा से बिना थके, बिना डिगे हमने जनता की सेवा की है।
कुशीनगर के कप्तानगंज व सेवरही में जन संवाद एवं लोकार्पण समारोह को रविवार को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि विपक्ष ने किसानों व गरीबों के हक पर लगातार डकैती डाली। हमने किसानों को सम्मान निधि दी। अब किसान किसी के आगे हाथ फैलाने को मजबूर नहीं हैं। केन्द्र की मोदी सरकार ने हर गरीब को मुफ्त राशन दिया और कोरोना की मुफ्त वैक्सीन सभी को दी है। इसी का असर है कि यूपी में कोरोना काफी हद तक नियंत्रित हो गया है। रविवार को यूपी की 24 करोड़ आबादी में केवल 14 केस आए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को गन्ना मूल्य के रूप में 2007 से 2016 तक करीब 95 हजार करोड़ का भुगतान किया गया। उसमें भी कई जगह भारी गड़बड़ियां हुईं। भाजपा सरकार ने महज साढ़े चार साल में इससे अधिक का भुगतान कर दिया और कहीं गड़बड़ी नहीं होने दी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को हमने बेहतर किया। आज दंगाई गायब हैं। पडरौना के कुशीनगर के डोल मेले में दंगा होता था। अब दंगाई जानते हैं घर बार बिक जाएगा। किसान, गरीब का नुकसान किया तो सात पीढ़ी को भरना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी की प्रेरणा से बिना थके, बिना डिगे हमने जनता की सेवा की है। योगी ने साढ़े चार साल तक के अपने काम गिनाए और कहा कि अगर इस भाव से सेवा कर सके तो आगे भी मौका चाहिए। कार्यकर्ताओं को यह संकल्प लेना होगा। जीत के मायने तभी हैं, जब विपक्षियों की जमानत जब्त हो जाए। सीएम ने कहा कि कुशीनगर में मेडिकल कॉलेज का निर्माण हो रहा है। यह भगवान बुद्ध को समर्पित होगा। कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई जहाज की उड़ान जल्द होगी। पहली उड़ान अंतरराष्ट्रीय होगी। कार्यक्रम को प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने भी संबोधित किया। स्वागत भाषण गो सेवा आयोग उपाध्यक्ष अतुल सिंह ने दिया। हेलीपैड पर सीएम का भाजपा पदाधिकारियों ने स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *