पहली बार विधायक बने भूपेंद्र होंगे गुजरात के नए सीएम

दिल्ली दिल्ली लाइव देश मुख्य समाचार राज्य

नई दिल्ली। टीएलआई
गुजरात के सीएम विजय रूपाणी के शनिवार को इस्तीफा देने के बाद रविवार को नए सीएम की घोषणा कर दी गई। गांधीनगर के घाटलोडिया सीट से पहली बार विधायक चुने गए भूपेंद्र पटेल गुजरात के नए मुख्यमंत्री होंगे। गांधीनगर में रविवार को विधायक दल की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने भूपेंद्र पटेल के नाम का प्रस्ताव रखा जिस पर भाजपा विधायक दल ने मुहर लगाई। राज्यपाल आचार्य देवब्रत से मिलकर उन्होंने सरकार बनाने का दावा भी पेश कर दिया है। शपथग्रहण सोमवार को होगा। नाम की घोषणा के बाद भूपेंद्र पटले ने प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री शाह और भाजपा अध्यक्ष का आभार जताया। उन्होंने कहा कि हम नए सिरे से योजना बनाएंगे और संगठन में चर्चा करेंगे, जिससे विकास कार्य को आगे ले जाया जा सके। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने बताया कि भूपेंद्र पटेल के साथ कोई और शपथ नहीं लेगा, क्योंकि उपमुख्यमंत्री के नाम पर फैसला नहीं हुआ है।
रविवर को गांधीनगर में भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद पार्टी पर्यवेक्षक नरेंद्र सिंह तोमर ने भूपेंद्र पटेल के नाम का ऐलान किया। पहली बार विधायक बने भूपेंद्र पटेल प्रभावशाली पाटीदार समुदाय से आते हैं और वे पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल के करीबी माने जाते हैं।आनंदीबेन की ही विधानसभा सीट घाटलोडिया से वे विधायक चुने गए हैं। उन्होंने कांग्रेस के शशिकांत पटेल को रिकॉर्ड 1.17 लाख वोटों से हराया था, जो जीत का सबसे बड़ा अंतर था। बताया जा रहा है कि समर्थकों के बीच ‘दादा’ के नाम से मशहूर पटेल जिस विधानसभा का प्रतिनिधित्व करते हैं, वो गांधीनगर लोकसभा सीट का हिस्सा है, जहां से गृह मंत्री अमित शाह सांसद हैं। शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उन्हें बधाई दी है। शाह ने लिखा, मुझे भरोसा है कि उनके नेतृत्व में प्रदेश की विकास यात्रा को नई ऊर्जा और गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *