मोदी के जन्मदिन पर सेवा और समर्पण अभियान

दिल्ली दिल्ली लाइव मुख्य समाचार राजधानी

नई दिल्ली। अर्पणा पांडेय
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा देशभर में सेवा और समर्पण अभियान चलाएगी। इसके तहत उत्तर प्रदेश में 71 स्थानों पर गंगा सफाई अभियान चलाया जाएगा।
भाजपा नेतृत्व में इस अभियान के लिए केंद्रीय टीम का भी गठन किया है, जिसमें महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और डी पुरंदेश्वरी के साथ सचिव विनोद सोनकर और किसान मोर्चा के अध्यक्ष राजकुमार चाहर शामिल हैं। हर प्रदेश में भी इस तरह की समितियों का गठन किया जाएगा। पार्टी मुख्यालय से विभिन्न राज्यों को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि 17 सितंबर से 7 अक्तूबर के बीच वह प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर प्रधानमंत्री के संदेश को पहुंचाएं। प्रदेश और जिला मुख्यालय पर प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व और कृतित्व को लेकर प्रदर्शनी लगाई जाएगी। यह प्रदर्शनी नमो ऐप पर वर्चुअल माध्यम से भी उपलब्ध रहेगी। इस दौरान मंडल स्तर पर दिव्यांगों को कृत्रिम अंग वितरण, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाए जाएंगे। गरीब बस्तियों, अनाथालय, अस्पतालों , वृद्ध आश्रमों में फलों का वितरण किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी पार्टी का अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ा वर्ग मोर्चा संभालेगा। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत मुफ्त राशन का वितरण व्यापक स्तर पर किया जाएगा। इस काम को महिला मोर्चा संभालेगी। युवा मोर्चा विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविरों का आयोजन करेगा। स्वच्छता अभियान और कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान को भी गति दी जाएगी।
देश के सभी बूथों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गरीब कल्याण और सेवा कार्यों को लेकर बधाई व अभिनंदन के पांच करोड़ पोस्टकार्ड भी भेजे जाएंगे। जिससे सेवा और समर्पण अभियान के संकल्प को मजबूत किया जाएगा। इस दौरान पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितंबर और महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर के अवसर पर ही विभिन्न कार्यक्रम किए जाएंगे। स्वच्छता अभियान, खादी और स्थानीय उत्पादों उत्पादों के प्रचार प्रसार पर जोर दिया जाएगा। सत्ता के माध्यम से सेवा के 20 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश को भी जनता तक पहुंचाया जाएगा। गौरतलब है कि मोदी ने अक्टूबर 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे और उसके बाद वह 2014 में देश के प्रधानमंत्री बने। इस दौरान सेवा और समर्पण अभियान के होल्डिंग भी देशभर में मंडल स्तर पर लगाए जाएंगे, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया जाएगा।
देश भर में 71 स्थानों पर नदी सफाई अभियान चलाया जाएगा। उत्तर प्रदेश में 71 स्थानों पर गंगा की सफाई की जाएगी। कोविड-19 में अनाथ बच्चों का पंजीकरण भी कराया जाएगा। 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिले विभिन्न उपहारों की नीलामी के कार्यक्रम भी होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *