जन आशीर्वाद यात्रा से विपक्ष परेशान और भयभीत : नड्डा

दिल्ली दिल्ली लाइव राज्य समाचार

नई दिल्ली। टीएलआई
केंद सरकार में हाल में शामिल किए गए और पदोन्नत भाजपा के नए मंत्रियों की जन आशीर्वाद यात्राओं को सफल करार देते हुए भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने विपक्ष को आड़े हाथ लिया है। नड्डा ने कहा है कि विपक्ष इन यात्राओं की सफलता से परेशान व भयभीत है और उसने विभिन्न स्थानों पर इसमें हर संभव बाधा डालने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि इन यात्राओं में एक बार फिर साफ हुआ है कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में और पूरा भरोसा जता रही है।
भाजपा अध्यक्ष ने एक बयान में कहा कि देश भर में बेहद सफल रही जन आशीर्वाद यात्राओं ने विपक्ष को परेशान और भयभीत कर दिया है। विपक्ष ने हमारी यात्राओं और कार्यक्रमों में बाधा डालने की कोशिश की, लेकिन वे नाकाम रहे। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि लोगों ने विपक्षी दलों के नकारात्मक राजनीतिक दुष्प्रचार को नकार दिया है और वे विकास और वृद्धि की राजनीति के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने दावा किया कि ये सभी कार्यक्रम बेहद सफल रहे, जिसमें समाज के सभी तबके के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नड्डा ने कहा है कि मोदी के गतिशील, निर्णायक और दूरदर्शी नेतृत्व में भारत के पिछले सात वर्ष लोगों की भागीदारी, विकास, विश्वास, सुरक्षा, समृद्धि और वृद्धि के रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोग नरेन्द्र मोदी सरकार के प्रति दृढ़ समर्थन और भरोसा जता रहे हैं। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार पर केंद्रीय मंत्री नारायण राणे को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि नरेन्द्र मोदी सरकार के प्रति लोगों ने जो मजबूत समर्थन और भरोसा दिखाया है उसे डिगाने की सभी चालें और व्यवधान निष्फल रहे हैं। गौरतलब है कि राणे को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए गिरफ्तार किया गया था। नड्डा ने कहा कि यह हमारी लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सीधा हमला है,लेकिन लोगों के समर्थन ने संकीर्ण मानसिकता वाले विपक्षी दलों और हमारे राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *