यूपी में हम वचन निभाएंगे यात्रा निकालेगी कांग्रेस : प्रियंका

उत्तरप्रदेश लाइव राष्ट्रीय लखनऊ

लखनऊ। राजेन्द्र तिवारी
दिल्ली से लखनऊ पहुंची कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पूरी तरह चुनावी मोड़ में आ गई हैं। प्रियंका ने ऐलान कर दिया कि प्रदेश कांग्रेस 20 सितंबर से 5 अक्तूबर तक यात्रा निकलेगी। इस यात्रा को ‘कांग्रेस प्रतिज्ञा यात्रा-हम वचन निभाएंगे’ का नाम दिया गया है। प्रदेश के 40 जिलों से गुजरने वाली यह यात्रा 12 हजार किमी की होगी। शुक्रवार को प्रदेश मुख्यालय में रणनीति कमेटी, चुनाव समन्वय कमेटी, सलाहकार कमेटी समेत जोनवार समीक्षा की गई। चुनाव समन्वय समिति की अगली बैठक 5 अक्तूबर को होने पर भी फैसला लिया गया।
शुक्रवार सुबह प्रदेश मुख्यालय पहुंची प्रियंका गांधी ने स्पष्ट कर दिया कि कांग्रेस आक्रामक तरीके से चुनाव में उतरेगी। प्रियंका ने प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री गोविन्द बल्लभ पंत की जयंती के मौके पर उनके चित्र पर मार्ल्यापण किया और परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद की शहादत दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के बाद ही बैठकों की शुरुआत की। उन्होंने पूर्वांचल, बुन्देलखण्ड, मध्य उत्तर प्रदेश और आगरा क्षेत्र से संबंधित प्रभारियों, प्रदेश उपाध्यक्षों, प्रदेश महासचिवों, प्रदेश सचिवों, जिला और शहर अध्यक्षों से संगठन सृजन पर लिखित रिपोर्ट मांगी है। प्रियंका ने उत्तर प्रदेश की 58 हजार ग्राम सभाओं में इस माह के अंत तक कांग्रेस के ग्राम सभा अध्यक्ष और उनकी कमेटियों के गठन के अनिवार्यता को लेकर सख्त निर्देश दिया है।उन्होंने कहा कि ‘कांग्रेस प्रतिज्ञा यात्रा-हम वचन निभाएंगे’ यात्रा चार अलग-अलग जगहों से निकाली जाएगी और बड़े शहरों, कस्बों और गांवो से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान जनता को भाजपा के घोषणा पत्र के अपूर्ण वायदों, महंगाई, भ्रष्टाचार, अपराध, महिला हिंसा, बेरोजगारी आदि पर सरकार को घेरा जाएगा। वहीं कांग्रेस की नीतियों से भी जनता को परिचित कराया जाएगा और एक बेहतर विकल्प के रूप में पेश किया जाएगा। यात्रा के दौरान कई कार्यक्रम भी होंगे। बैठकों में प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, राष्ट्रीय सचिव-प्रभारी धीरज गुर्जर, राष्ट्रीय सचिव बाजीराव खाड़े, सचिन नाईक, रोहित चौधरी, राजेश तिवारी, तौक़ीर आलम, प्रमोद तिवारी, पी.एल.पुनिया, बेग़म नूर बानो, मोहसिना क़िदवई, ज़फ़र अली नक़वी, नसीमुद्दीन सिद्दीकी, इमरान मसूद, राजाराम पाल, राजेश मिश्र समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *