महाराष्ट्र में बारिश व भूस्खलन से गई 34 लोगों की जान

दिल्ली दिल्ली लाइव देश मुख्य समाचार राज्य

नई दिल्ली। टीएलआई
महाराष्ट्र में शुक्रवार को भारी बारिश से 34 लोगों की मौत हो गई। सिर्फ रायगढ़ जिले में भूस्खलन होने से 30 लोगों की जान चली गई। वहीं कोल्हापुर, रायगढ़, रत्नागिरी, पालघर, ठाणे और नागपुर में बाढ़ की स्थिति बन गई है। महाराष्ट्र को हर संभव मदद देने का गृह मंत्री और रक्षा मंत्री ने आश्वासन दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले के तलाई में शुक्रवार को भारी बारिश के दौरान भूस्खलन होने से 30 लोगों की मौत हो गई। वहीं कई और लोगों के दबे होने की आशंका है। बताया जा रहा है कि एनडीआरएफ की टीम भूस्खलन वाले स्थान पर पहुंच कर राहत और बचाव कार्यों में जुट गई है। सतारा जिले के पाटन तहसील में दो स्थानों पर हुए भूस्खलन में लगभग 20 लोगों के फंसे होने की आशंका है। उधर, पूर्वी मुंबई में गोवंडी के शिवाजी नगर इलाके में शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे बॉम्बे सिटी हॉस्पिटल के पास एक इमारत ढह गई। इसमें चार लोगों की मौत हो गई जबकि सात अन्य घायल हो गए। मुंबई-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क का एक हिस्सा जलमग्न हो जाने से यातायात बाधित हो गया। इसके कारण महाराष्ट्र के कोल्हापुर में भी पुलिस ने एहतियातन कर्नाटक जाने वाले वाहनों को रोक दिया है। कोल्हापुर के एसपी शैलेश बलकावड़े ने यह जानकारी दी। कोल्हापुर जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के एक अधिकारी ने कहा कि पंचगंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। भारी बारिश के कारण कम से कम 47 गांवों का प्रमुख सड़कों से संपर्क पूरी तरह से टूट गया और 965 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले में बारिश का कहर झेल रहे चिपलुन शहर में कोंकण रेलवे (केआर) लाइन पर पटरी क्षतिग्रस्त होने से रेल यातायात बाधित हो गया है। केआर के मुख्य प्रवक्ता एल के वर्मा ने बताया कि मूसलाधार बारिश और उसके बाद बाढ़ आने से चिपलुन और कामथे सेक्शन के बीच कई जगहों पर रेल की पटरियों के नीचे के रोड़े तथा तटबंध बह गए हैं। रेल ट्रैक बहाली का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से शुक्रवार को बात की। रायगढ़ में भारी बारिश व भूस्खलन के बाद उत्पन्न स्थिति की जानकारी ली। शाह ने कहा कि केंद्र, महाराष्ट्र सरकार को राज्य में उत्पन्न स्थिति से निपटने में हरसंभव मदद कर रहा है। उन्होंने ट्वीट किया, महाराष्ट्र के रायगढ़ में भारी बारिश व भूस्खलन के कारण हुआ हादसा अत्यंत दुःखद है। इस संबंध में मैंने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और एनडीआरएफ मुख्यालय के डीजी से बात की है। एनडीआरएफ की टीम राहत व बचाव कार्यों में जुटी है। वहीं, महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने राज्य में बाढ़ से बिगड़ते हालात पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ शुक्रवार को चर्चा की। पवार के कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि रक्षा मंत्री ने राहत एवं बचाव अभियानों में रक्षा बलों की मदद का आश्वासन दिया है। सेना और नौसेना की टीमें राज्य में पहले ही तैनात कर दी गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *