पड़ोसियों से भारत को मोदी ने बनाया सुरक्षित : शाह

अभी अभी दिल्ली दिल्ली लाइव देश नोएडा मुख्य समाचार राजधानी राज्य

अहमदाबाद।केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकी हमलों के बाद पाकिस्तान के अंदर सर्जिकल और एयर स्ट्राइक करके भारत को सुरक्षित बनाया है।
शहर के वेजलपुर इलाके में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी 10 साल में देश की अर्थव्यवस्था को 11वें से पांचवें स्थान पर ले आए और अपने तीसरे कार्यकाल में इसे दुनिया में तीसरे स्थान पर पहुंचा देंगे। शाह ने कहा कि मोदी ने देश को सुरक्षित करने के लिए काम किया। उन्होंने कहा कि सोनिया-मनमोहन सरकार में कोई भी पाकिस्तान से आकर यहां हर दिन बम विस्फोट कर देता था। भाजपा नेता ने कहा कि आतंकवादियों ने 2016 में उरी और 2019 में पुलवामा में हमला किया, लेकिन उन्हें नहीं पता था कि अब मनमोहन सिंह नहीं बल्कि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने कहा कि इसके कुछ ही दिनों में हमने पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल और एयर स्ट्राइक की।
अमित शाह ने विश्वास जताया कि भाजपा इस बार लोकसभा चुनाव में दक्षिण भारत में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी। गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार शाह ने अहमदाबाद शहर में एक रोड शो के दौरान कहा कि देश का माहौल बता रहा है कि हमें 400 से ज्यादा सीटें मिलेंगी। शाह ने दावा किया कि पार्टी गुजरात में सभी 26 सीटों पर बड़े अंतर से जीत हासिल करेगी और उत्तर प्रदेश में उसकी सीटें अब तक की सबसे ज्यादा होंगी।
यह पूछे जाने पर कि विपक्षी इंडिया गठबंधन को कितनी सीटें मिलेंगी ? शाह ने कहा कि अगर हम 400 सीटें जीतने जा रहे हैं, तो आप कल्पना कर सकते हैं कि उनके लिए कितनी सीटें बचेंगी। उन्होंने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति विश्वास और उत्साह का माहौल है। किसान, महिलाएं, गरीब और युवा सभी को मोदी पर भरोसा है और वे उनका समर्थन करने को लेकर उत्साहित हैं।
केंद्रीय मंत्री गुरुवार शाम को दिन के अपने तीसरे रोड शो में हिस्सा ले रहे थे। यह साबरमती, घाटलोदिया, नारणपुरा और वेजलपुर विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरा, जो गांधीनगर लोकसभा सीट का हिस्सा हैं। इससे पहले उन्होंने साणंद और कलोल में रोड शो किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *