प्रणब दा, नानाजी और भूपेन को भारत रत्न

एनसीआर गुडगाँव दिल्ली दिल्ली लाइव देश नोएडा मुख्य समाचार राजधानी

नई दिल्ली। नीलू सिंह
पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, प्रसिद्ध संगीतकार स्व. भूपेन हजारिका एवं समाजसेवी स्व. नानाजी देशमुख को भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा। नानाजी देशमुख एवं भूपेन हजारिका को यह सम्मान मरणोपरांत प्रदान किया जाएगा।वहीं गौतम गंभीर को पद्म श्री और कुलदीप नैयर को पद्य भूषण से नवाजा जाएगा।

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन की ओर से भारत रत्न के लिए 3 नामों की घोषणा की गई। इसके साथ ही 112 हस्तियों को पद्मश्री देने का ऐलान किया गया। भारत रत्न देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है, जो असाधारण राष्ट्रीय सेवा के लिए दिया जाता है। यूपीए-2 में राष्ट्रपति बने प्रणब मुखर्जी मोदी सरकार में करीब तीन साल तक इस पद पर रहे और इस दौरान जीएसटी बड़े आर्थिक सुधार को हरी झंडी दी गई। प्रणब मुखर्जी के पहले राष्ट्रपति रहे सर्वपल्ली राधाकृष्णन, राजेंद्र प्रसाद, जाकिर हुसैन और वीवी गिरि को यह सम्मान मिला है। वहीं नाना जी देशमुख पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के बाद आरएसएस से जुड़े दूसरे नेता हैं, जिन्हें भारत रत्न दिया गया है। भूपेन हजारिका, असम के गीतकार, संगीतकार, गायक, कवि और फिल्म-निर्माता थे। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर असम और पूर्वोत्तर भारत के संस्कृति और लोक संगीत को हिंदी सिनेमा के माध्यम से पेश किया था। भारत रत्न की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से फोन पर बातचीत कर बधाई दी। प्रधानमंत्री ने ट्वीट के जरिये तीनों नामचीन हस्तियों की तारीफ की। मोदी ने कहा कि प्रणब दा हमारे समय के एक उत्कृष्ट राजनेता हैं। उन्होंने दशकों तक देश की निस्वार्थ और अथक सेवा की है। जबकि भूपेन हजारिका के गीत और संगीत पीढ़ियों से लोगों द्वारा सराहे गए हैं। उनसे न्याय, सौहार्द और भाईचारे का संदेश जाता है। वहीं ग्रामीण विकास के लिए नानाजी देशमुख के महत्वपूर्ण योगदान ने गांवों में रहने वाले लोगों को सशक्त बनाने की राह दिखाई।

भारत रत्न के अलावा पद्म पुरस्कारों की भी घोषणा की गई। देश-विदेश की 112 हस्तियों को पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री पुरस्कार देने का ऐलान किया गया है। इसमें पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर को पद्य श्री और पत्रकार स्व. कुलदीप नैयर को पद्य भूषण दिया गया है।
घोषणा के चार हस्तियों को पद्म विभूषण, 14 को पद्म भूषण और 94 को पद्मश्री से नवाजा जाएगा। पद्म पुरस्कार पाने वालों में लोक गायिका तीजन बाई (पद्म विभूषण), अभिनेता मोहन लाल (पद्म भूषण), इसरो के साइंटिस्ट नंबी नारायण (पद्म भूषण), पर्वतारोही बछेंद्रीपाल (पद्म भूषण), अभिनेता मनोज वाजपेयी (पद्मश्री), फुटबॉलर सुनील छेत्री (पद्म श्री), कोरियोग्राफर प्रभु देवा (पद्मश्री) अभिनेता कादर खान को मरणोपरांत (पद्मश्री), पहलवान बजरंग पूनिया (पद्मश्री) शामिल है। पद्म सम्मान पाने वालों में 21 महिलाएं और 11 विदेशी या एनआरआई शख्सियत भी हैं।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *