दीपावली पर गरीबों के घरों को करें रोशन : योगी

उत्तरप्रदेश लाइव मुख्य समाचार लखनऊ

लखनऊ। राजेंद्र तिवारी
दीपावली पर भाजपा कार्यकर्ताओं को आह्वान करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने गरीबों के घरों को रोशन करने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कार्यकर्ताओं को संकल्प लेना चाहिए कि इस दिवाली पर वह गरीब परिवारों को खोज कर उनके साथ त्योहार मनाएंगे।
मुख्यमंत्री शनिवार को गोरखपुर के योगीराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह एवं संस्कृति केंद्र में भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ मंडल के 12 जिलों के अध्यक्षों एवं मंडल प्रभारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बैठक में मौजूद भाजपा पदाधिकारियों में विधानसभा चुनाव 2022 के लिए खूब जोश भरा। विधानसभा चुनाव में जीत के लिए मंत्र भी दिए। वहीं उन्होंने त्योहार को लेकर कहा कि भाजपा कार्यकर्ता गरीबों के घर मिठाई, बच्चों के लिए फुलझड़ी लेकर जाएं और कमलदीपक जलाएं। प्रदेश में पीएम और सीएम आवास योजना के अंतर्गत 43 लाख परिवारों को आवास दिए गए हैं। कार्यकर्ता वहां जाएं, दीपक जलाएं, मिठाई खिलाएं और तोरणद्वार लगवाएं।

हर बूथ, शक्ति केंद्र या मंडल से कोई न कोई पदाधिकारी उस परिवार को जरूर खोजें, जिसके पास कुछ नहीं है। सूबे के 16 लाख अधिकारियों और कर्मचारियों से भी उन्होंने यह अपील की। सीएम योगी ने बैठक के दौरान आज के दिन 30 अक्तूबर 1990 में कारसेवकों पर गोली चलाए जाने की घटना का भी जिक्र किया। कहा कि इस बर्बर कांड की प्रत्येक नागरिक ने निंदा की थी लेकिन सेक्युलरिज्म और तुष्टिकरण की नीति पर चलने वाले या तो मौन थे या इसे जायज ठहराने का कुत्सित प्रयास कर रहे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को यह कहते हुए आगाह किया कि बदले चेहरों के साथ आज भी वे लोग मौजूद हैं। उन्हें जब भी अवसर मिलेगा, वैसा ही कार्य करेंगे। चुनाव में चेहरा बदल कर आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *