खाद की किल्लत से कानून-व्यवस्था का भी खतरा : अखिलेश

उत्तरप्रदेश लाइव मुख्य समाचार लखनऊ

लखनऊ। राजेंद्र तिवारी
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार का झूठ अब उसके गले की फांस बन रहा है। प्रदेश भर में खाद की किल्लत है और सरकार कह रही है कि पर्याप्त खाद का स्टॉक है, कोई कमी नहीं है। लेकिन हकीकत में पूरे प्रदेश में किसान परेशान है। कई-कई दिन लाइन में लगने पर भी जब खाद नहीं मिल रही है। नाराज किसानों का आक्रोश फूट रहा है। इससे कानून व्यवस्था भी प्रभावित होने की आशंका है।
अखिलेश ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि प्रदेश में जितनी उर्वरक की जरूरत है उतनी आपूर्ति नहीं हो रही है। साधन सहकारी समितियों पर ताले पड़े हुए हैं। खाद की कालाबाजारी भी शुरू हो गई है। झांसी से ललितपुर तक खाद के लिए सुबह से शाम तक सड़कों पर किसान डटे रहते हैं। फतेहपुर, आगरा, इटावा, जालौन में भी किसान परेशान है। खाद न मिलने से क्षुब्ध किसानों ने आगरा में यमुना में पोइया घाट पर खड़े होकर प्रदर्शन किया। बाराबंकी में भी किसानों ने प्रदर्शन किया। सैफई में महिला किसानों ने विरोध जताया। प्रयागराज में खाद के लिए किसानों ने जाम लगाया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की संवेदनहीनता के चलते ललितपुर में खाद खरीदने के लिए दो दिन से बिना खाए-पिए लाइन में लगे किसान भोगी लाल की मृत्यु हो गई। जो किसान के लिए खाद न दे सके, उस सरकार से क्या उम्मीद की जाए। भाजपा सरकार ने किसान को भगवान भरोसे छोड़ दिया है और खुद अमीरों को और ज्यादा समृद्ध करने में लग गई है। प्रदेश की जनता भाजपा की चालों को समझ रही है और सन् 2022 में समाजवादी सरकार को सत्ता में लाकर ही चैन लेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *