उत्तराखंड में विजय के संकल्प संग कांग्रेस का शंखनाद

उत्तराखंड लाइव गढ़वाल देहरादून नैनीताल मुख्य समाचार

हल्द्वानी। अनीता रावत
हल्द्वानी में गुरुवार को कांग्रेस की ‘विजय संकल्प शंखनाद जनसभा’ आयोजित की गई। करीब 7 से 8 हजार कार्यकर्ता और समर्थकों की मौजूदगी से कांग्रेस नेता उत्साहित नजर आए। कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व ने इसे बड़ी सफलता मानकर मंच से ही 2022 विधानसभा चुनाव की जीत का संकल्प लिया और चुनावी रण का शंखनाद किया। इस दौरान पार्टी के बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के पदाधिकारियों ने एकजुटता दिखाने में भी कोई कसर नहीं छोड़ी।
जनसभा के दौरान पूर्व सीएम एवं राज्य चुनाव संचालन समिति संयोजक हरीश रावत, प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह आदि ने पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य और नैनीताल के पूर्व विधायक संजीव आर्य का पार्टी में वापसी पर स्वागत किया। हरीश रावत ने कहा कि यह शंखनाद पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा 2022 में उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनाने का है। आम आदमी, किसान, नौजवान, महिला, कर्मचारी, अल्पसंख्यक के जीवन में अब कांग्रेस ही बदलाव ला सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में वापसी कर यशपाल आर्य ने अपना कर्तव्य पूरा किया है। कोई और बड़ा नेता यदि कांग्रेस में आता, तो प्रत्येक कार्यकर्ता के चेहरे पर इतना हर्षोल्लास नहीं होता जितना यशपाल आर्य के आने पर है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल ने कहा कि जनसभा में उमड़ी भीड़ को देखकर उन्हें लगता है कि प्रदेश की जनता 2022 में कांग्रेस की सरकार स्थापित करने का मन बना चुकी है। कांग्रेस द्वारा उत्तराखंड में किए गए विकास कार्यों की गाड़ी पर भाजपा सरकार ने ब्रेक लगाने का काम किया है। गोदियाल ने यशपाल आर्य से कहा कि अब उनके कंधों पर पार्टी की जवाबदेही है। कांग्रेस कार्यालय देहरादून की नींव और हर ईंट उन्हें पहचानती है। नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने यशपाल आर्य और संजीव आर्य का स्वागत करते हुए कहा कि यशपाल आर्य का शरीर तो साढ़े 4 साल भाजपा में रहा लेकिन उनकी आत्मा सदैव कांग्रेस में रही। उन्होंने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार को असंवेदनशील करार देते हुए कहा कि ये सरकारें देश और प्रदेश में परस्पर भाईचारा खत्म करने पर तुली हैं। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने भी कार्यकर्ताओं और जनता से कांग्रेस को 2022 में उत्तराखंड की सत्ता में लाने की अपील की। पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य ने कहा कि ये जनसभा भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए आयोजित की गई है। आर्य ने जोर देकर कहा कि भाजपा का कुशासन पूरा होने जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *