उत्तराखंड में भूस्खलन से कुमाऊं-गढ़वाल का संपर्क कटा

अल्मोड़ा उत्तराखंड लाइव गढ़वाल देहरादून नैनीताल राष्ट्रीय

हल्द्वानी। अनीता रावत

अल्मोड़ा में मूसलाधार बारिश ने कहर बरपाया। भारी बारिश से चिम्टाखाल-भौनखाल और भतरौंजखान-रामनगर मोटर मार्ग पर मलबा और बोल्डर आने से आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई। इस कारण कुमाऊं और गढ़वाल का सड़क मार्ग से संपर्क करीब 22 घंटे कटा रहा। हालांकि शनिवार देर शाम दोनों सड़कें खोल दी गईं।


अल्मोड़ा के सल्ट क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम से शुरू हुई बारिश रात भर जारी रही। भारी बारिश के चलते शनिवार को क्षेत्र के नदी-नाले उफान पर आ गए। चिम्टाखाल-भौनखाल मोटर मार्ग पर भूस्खलन के चलते कई जगह मलबा आ गया। इससे रात में ही यह सड़क बंद हो गई। दोनों ओर से कई वाहन यहां फंस गए। वहीं भतरौंजखान-रामनगर मोटर मार्ग पर भी मलबा आने से कई घंटे यातायात बाधित रहा। तेज बारिश से कई मकानों में भी मलबा घुस गया। कई मकानों के आंगन क्षतिग्रस्त हो गए। तहसील प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीम जानकारी मिलने पर शनिवार की सुबह से सक्रिय हो गई। शनिवार को दिन भर जेसीबी मशीनें इन मार्गों पर आए मलबे को हटाने में जुटी रहीं। शनिवार देर शाम करीब 22 घंटे की मशक्कत के बाद बमुश्किल इन मार्गों को यातायात के लिए खोला जा सका। इधर, गांव स्तर पर हुए नुकसान की जानकारी ली जा रही है। राजस्व की टीम मौके पर पहुंच रही है। सल्ट के ब्लॉक प्रमुख विक्रम रावत ने भी आपदा से प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया और पीड़ितों को हरसंभव मदद करने का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *