उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल बेबी रानी भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनीं

राष्ट्रीय

नई दिल्ली। अर्पणा पांडेय
उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल भाजपा की वरिष्ठ नेता बेबी रानी मौर्य को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के छह महीने पहले ही राज्यपाल पद से इस्तीफा देकर मौर्य साफ कर दिया था कि वह अब सक्रिय राजनीति में उतरने जा रही हैं। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त करने के साथ ही इस बात के संकेत है की वह अगला विधानसभा चुनाव लड़ेंगी और उत्तर प्रदेश में पार्टी का दलित चेहरा होगी।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार देर शाम पार्टी संगठन में नई नियुक्तियों की घोषणा की है। इनमें सबसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर बेबी रानी मौर्य की नियुक्ति है। बेबी रानी मौर्य ने हाल में ही उत्तराखंड के राज्यपाल पद से इस्तीफा दिया था। उसके बाद से ही इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि वह जल्दी ही सक्रिय राजनीति में आएंगी। अब भाजपा नेतृत्व ने उनको राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। आगरा की पूर्व महापौर रहीं बेबी रानी मौर्य अगला विधानसभा चुनाव लड़ सकती हैं।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा नेतृत्व बेवी रानी मोर्य को अगले विधानसभा चुनाव में पार्टी के दलित चेहरा के रूप में पेश कर सकता है। बेबी रानी मौर्य की इस नई भूमिका से भाजपा बसपा के सामाजिक समीकरणों को प्रभावित कर सकती है और दलित समुदाय में अपनी पैठ मजबूत कर सकेगी। राज्य में पार्टी के सामाजिक समीकरणों में उनकी नई भूमिका सटीक बैठती है। मुख्यमंत्री, दोनों उप मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष के साथ अब बेबी रानी मौर्य के आने से राज्य के प्रमुख जातीय और सामाजिक समीकरणों को भाजपा बेहतर ढंग से साध सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *