भाजपा ने तय किया क्षेत्रवार यूपी चुनाव का रोडमैप

उत्तरप्रदेश लाइव मुख्य समाचार लखनऊ

लखनऊ। राजेंद्र तिवारी
मिशन-2022 के लिए आक्रामक अंदाज में मैदान में उतरने की भाजपा ने तैयारी कर ली है। इसके लिए क्षेत्रवार चुनावी रोडमैप भी तैयार हो गया है। गुरुवार को पार्टी ने जो क्षेत्रवार रणनीति तय की है उसे जिलों में और फिर विधानसभा क्षेत्र से लेकर बूथों तक अमल में लाया जाएगा। इसके तहत सभी क्षेत्रीय प्रभारी 30 सितंबर तक अपने तय क्षेत्र की बैठकें करेंगे।
पार्टी मुख्यालय में गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में चली बैठकों में क्षेत्रवार आगामी योजना पर बात हुई। पार्टी के सभी संगठनात्मक छह क्षेत्रों में संगठन और चुनाव प्रभारियों की जिम्मेदारी तय हो चुकी है। अब यह प्रभारी अगले दो महीने तक लगातार उन्हीं क्षेत्रों में सक्रिय रहेंगे। सभी प्रभारी तय क्षेत्रों में डेरा डालेंगे। अधिकांश प्रभारी 27 से 30 सितंबर के बीच अपने क्षेत्रों में रहने वाले हैं। वहां पहले क्षेत्र की बैठकें करेंगे। फिर जिला और सीटवार बैठकें कर पार्टी के अभियान और कार्यक्रमों की समीक्षा करेंगे। पार्टी द्वारा चलाए जा रहे संगठनात्मक कार्यक्रमों और अभियानों के संदर्भ में विस्तार से चर्चा हुई। पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती की पूर्व संध्या पर 24 सितंबर को प्रदेश में बूथ स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर बात हुई। योगी सरकार के साढ़े चार वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश में चलाए जा रहे संपर्क व संवाद के कार्यक्रमों को लेकर तय हुआ कि 26 सितंबर से दो अक्टूबर तक पार्टी कार्यकर्ता मोदी-योगी सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने चुनाव के दौरान मीडिया और खासतौर से सोशल मीडिया प्रबंधन को लेकर पार्टी की मीडिया टीम से विस्तार से चर्चा की।
सूत्रों के अनुसार भाजपा ने प्रदेश में 350 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए सरकार और संगठन युद्धस्तर पर तैयारी में जुट गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री व यूपी के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान के गुरुवार शाम गोरखपुर से लौटते ही कोर कमेटी की बैठक हुई। चुनावी तैयारियों को लेकर हुई इस अहम बैठक में सीएम और प्रधान के अलावा यूपी प्रभारी राधामोहन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डा. दिनेश शर्मा और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल मौजूद रहे। वर्ष 2017 में भाजपा जिन सीटों पर हारी थी, उन पर इस बार विशेष फोकस रहेगा। धर्मेंद्र प्रधान शुक्रवार को भी मिशन-2022 को लेकर प्रदेश के नेताओं संग मंथन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *