राम मंदिर में दर्शन को पहुंचे मोहन भागवत

उत्तरप्रदेश लाइव मुख्य समाचार लखनऊ

लखनऊ। राजेंद्र तिवारी
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सर संघ चालक मोहन भागवत तीन दिवसीय अयोध्या प्रवास के उपरांत सायं साढ़े चार बजे लखनऊ के लिए प्रस्थान कर गये। इससे पहले वह राम जन्मभूमि में विराजमान रामलला के दर्शन के लिए पहुंचे। रामलला का दर्शन करने के बाद उन्हें मंदिर के निर्माणाधीन कार्य दिखाने ले जाया गया। कार्य को देखने से पूर्व उन्हें मानचित्र दर्शाकर अलग-अलग चरणों में निर्माण की प्रक्रिया समझाई गई। पुन: उन्होंने साइट विजिट किया और सवाल-जवाब भी किया। इस दौरान ट्रस्टियों सहित एलएण्डटी व टीईसी के अधिकारियों का भी परिचय प्राप्त किया।


सर संघ चालक भागवत के रामजन्मभूमि दर्शन के बारे में रामजन्मभूमि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि पांच अगस्त 2020 के बाद उनका पहली बार आना हुआ था। ट्रस्ट महासचिव ने बताया कि वह देश भर में घूमते रहते हैं। उन्हें दूसरों से जानकारी मिल रही थी, हम भी कभी-कभी सूचनाएं भेजते रहे लेकिन इच्छा थी कि वह स्वयं अपनी आंखों से निर्माण देखें तो उसका प्रभाव अलग होगा। ट्रस्ट महासचिव ने बताया कि इसी उद्देश्य को लेकर सर संघ चालक को साइट विजिट कराया गया और उन्हें वहीं तक ले जाया गया जहां तक राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद गये थे। बताया गया कि इसके बाद उन्हें मानचित्र के जरिए निर्माण सम्बन्धित सभी जानकारी दी गई।
सर संघ चालक के अयोध्या आगमन का निहितार्थ तलाशना ठीक नहीं
ट्रस्ट महासचिव चंपत राय का कहना है कि सर संघ चालक भागवत के अयोध्या आगमन का निहितार्थ तलाशने का कोई कारण नहीं है। वह भी एक श्रद्धालु की तरह ही हैं। वह संगठन के कार्यक्रम में आए थे और उसमें शामिल हुए और फिर दर्शन पूजन कर प्रस्थान कर गये। उन्होंने ट्रस्ट के विस्तार व बदलाव के सवाल को टाल दिया। उधर सर संघ चालक भागवत ने अपने दौरे के अंतिम दिन परम्परागत रीति से कारसेवकपुरम में आयोजित समन्वय बैठक की। इस बैठक में वर्ग के सभी अधिकारियों के अतिरिक्त व्यवस्था में लगे कार्यकर्ताओं का भी परिचय लिया और पीठ थपथपाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *