यूपी में कांग्रेस की सरकार बनाने में जुटें कार्यकर्ता : प्रियंका

उत्तरप्रदेश लाइव दिल्ली दिल्ली लाइव मुख्य समाचार लखनऊ

लखनऊ। राजेन्द्र तिवारी
यूपी में 2022 में कांग्रेस की सरकार बनाने में कार्यकर्ता जुट जाएं। यह बातें कांग्रेस महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने कहीं। प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गर्व होना चाहिए कि वे एक ऐसी सरकार से लड़ रहे हैं जो तानाशाही की पराकाष्ठा पर उतारू है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि 2022 में अपनी सरकार बनाने में जुटें। अब केवल छह महीने बचे हैं। इस दौरान कड़ी मेहनत करने की जरूरत है।
वह शुक्रवार को पार्टी के जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविरों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित कर रही थीं। उन्होंने संभल, श्रावस्ती, रामपुर, कन्नौज प्रयागराज, भदोही व गोरखपुर के संगठन पदाधिकारियों से संवाद किया और उनसे 2022 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने की अपील की। उन्होंने कहा कि 30 साल से संगठन की कमजोरी थी। प्रभारी बनने के बाद संगठन को मजबूत बनाने का अभियान शुरू किया, क्योंकि पहले जब भाजपा के नेता और कार्यकर्ता आवाज उठाते हैं तो हम जवाब नहीं दे पाते थे। यह प्रशिक्षण शिविर इसलिए भी महत्वपूर्ण है, ताकि कार्यकर्ता इसके माध्यम से एक दूसरे को जानें और उनमें दोस्ती व सहयोग बढ़े। प्रदेश में आज एक ऐसी सरकार है जो लोकतंत्र की धज्जियां उड़ा रही है। प्रशिक्षण से पहले राष्ट्रीय सचिव व यूपी के सह प्रभारी तौकीर आलम ने तिरंगा फहराया व सभी कांग्रेस जनों ने राष्ट्रगान गाया। इस दौरान प्रदेश मुख्यालय से आए हुए प्रशिक्षकों ने बहुत बारीकी से विभिन्न विषयों पर जानकारी दी। तौकीर आलम ने कहा कि कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं की यही प्रशिक्षित सेना सपा, बसपा और तानाशाह भाजपा सरकार की कमियों उजागर करेगी, जिससे 2022 में कांग्रेस की सरकार बनेगी। प्रशिक्षक और प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने कहा कि बीजेपी शुरुआत से ही जनभावना के विरोध में रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *