भाजपा के गढ़ में प्रियंका गांधी ठोकेंगी चुनावी ताल

उत्तरप्रदेश लाइव मुरादाबाद मेरठ राष्ट्रीय लखनऊ

लखनऊ। राजेन्द्र तिवारी
मुरादाबाद में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी का पहला कार्यक्रम भाजपा के गढ़ में होगा। कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन दिल्ली रोड पर रामलीला मैदान में रखा गया है। प्रियंका के आने की खबर के बाद मुरादाबाद में कांग्रेस नेताओं ने कार्यक्रम के लिए जगह तलाश कर उसे अंतिम रूप दे दिया। लाइनपार का इलाका भाजपा के गहरे असर वाला है। कांग्रेस मुरादाबाद में चुनावी बिगुल यहीं से फूकेंगी। प्रियंका गांधी पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर जोश भरेंगी। इसी के साथ ही कांग्रेस की वेस्ट यूपी में मिशन-2022 की भी शुरुआत हो जाएगी। सम्मेलन को लेकर कांग्रेस में सियासी हलचल तेज है।
विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस में खासी हलचल है। अरसे बाद पार्टी को नया चेहरा देने में जुटी प्रियंका गांधी ने पूरब के बाद अब वेस्ट यूपी का रुख किया है। हालांकि सहारनपुर में प्रतिज्ञा यात्रा मुरादाबाद से होकर मथुरा गई थी। पर कार्यकर्ताओं से संवाद का यह पहला मौका होगा। यात्रा के बहाने कांग्रेस में कार्यकर्ताओं को एकजुट कर सक्रिय करने की कवायद हो रही है, इसीलिए वेस्ट में कार्यकर्ता सम्मेलन हो रहे है। बुलंदशहर में 14 को सम्मेलन होगा। वहां के जोन प्रभारी धीरज गुर्जर आज वहां पहुंच गए, जबकि मुरादाबाद के जोन प्रभारी और सचिव तौकीर आलम कल सुबह मुरादाबाद आएंगे। इसके बाद कांग्रेस में खेमे में हलचल बढ़ जाएगी। कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू 12 नवंबर को आएंगे। सम्मेलन के लिए रामलीला मैदान को चुना गया है। बुधवार को प्रभारी सुखराज सिंह, जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद, शहर अध्यक्ष अनुभव मेहरोत्रा, राहत खां, अफजल साबरी आदि ने कार्यक्रमस्थल पर तैयारी का जायजा लिया। प्रभारी का कहना है कि कार्यक्रम के लिए मुरादाबाद के कांग्रेसियों को जिम्मेदारी बांटी गई है। कार्यकर्ता सम्मेलन में करीब पांच हजार लोग जुटेंगे। जानकारों की मानें तो कार्यक्रम में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री दीपेन्द्र हुडडा, वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी, नेता विरोधी दल आराधना मिश्रा, आरपीएन सिंह, पूर्व सांसद राजेश मिश्रा समेत अन्य नेताओं के आने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *