15 साल बाद ससुराल आ रहीं प्रियंका, चलाएंगी सियासी तीर

उत्तरप्रदेश लाइव मुरादाबाद मेरठ राज्य समाचार लखनऊ

लखनऊ। राजेन्द्र तिवारी
यूपी में सियासी जमीन पुख्ता करने में जुटी प्रभारी प्रियंका गांधी 15 साल बाद अपनी ससुराल आएंगी। ससुराल में प्रियंका का यह पहला सियासी दौरा होगा। प्रियंका गांधी 15 नवंबर को कांग्रेस के पदाधिकारी प्रतिज्ञा सम्मेलन में हिस्सा लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की चुनावी मुहिम का बिगुल फूंकेंगी। कांग्रेस की यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी इससे पहले 2006 में मुरादाबाद आई थीं, लेकिन उस समय उन्होंने अपनी ससुराल के निजी पारिवारिक कार्यक्रम में शिरकत की थी। कार्यक्रम पुख्ता होने के बाद पार्टी नेताओं की भागदौड़ शुरू हो गई। जिले के प्रभारी और प्रदेश सचिव चौ. सुखराज सिंह ने कांग्रेसियों के संग बैठक की और कार्यक्रम के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां बांटी।
विस चुनाव से पहले कांग्रेस प्रभारी प्रियंका गांधी का मुरादाबाद दौरे से खलबली है। मुरादाबाद में कांग्रेसी प्रियंका के आने को लेकर बेताब हैं तो अन्य दलों की भी इस कार्यक्रम पर निगाहें है। प्रियंका का दौरा मुरादाबाद की सियासत को गर्माएगा। चुनाव को लेकर तैयारियों में जुटे तमाम कांग्रेसियों को उनके आने का इंतजार है। हालांकि प्रियंका गांधी का यह पहला सियासी दौरा होगा। संभ्रांत वढेरा परिवार के राबर्ट से विवाह के बाद से मुरादाबाद को उनकी ससुराल के रूप में पहचाना जाने लगा। अभी चुनावी तैयारियों का मुकाबला करने में जुटी प्रियंका इससे पहले डेढ़ दशक पहले वर्ष 2006 में मुरादाबाद आई थी। वह अपने जेठ की मौत पर रावर्ट के साथ आई थीं। इसके बाद 2007 में भी प्रियंका नितांत निजी पारिवारिक दौरे पर मधुबनी में अपनी जेठानी के पास गुपचुप तरीके से पहुंची थीं।
अब कांग्रेस प्रभारी मुरादाबाद में पहले सियासी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। जिले के प्रभारी और प्रदेश सचिव चौ. सुखराज सिंह ने बताया कि मुरादाबाद में कार्यकर्ता प्रतिज्ञा सम्मेलन 15 नवंबर को होगा। सम्मेलन में ग्राम, ब्लाक, न्याय और वार्ड स्तर के अलावा जिला, शहर अध्यक्ष तथा कमेटी के पदाधिकारी शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारी शुरु हो गई है। कार्यक्रम के लिए विभिन्न कांग्रेस नेताओं को जिम्मेदारियां बांटी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *