माओवादी भास्कर को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा

उत्तराखंड लाइव ऊधम सिंह नगर नैनीताल राज्य समाचार

हल्द्वानी। अनीता रावत
पुलिस की गिरफ्त में आए माओवादी भास्कर पांडे को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मंगलवार को पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया। यहां हुई सुनवाई के बाद उसे जेल भेजा गया। पुलिस के अनुसार विधानसभा चुनावअ2022 को देखते हुए भास्कर के फिर से सक्रिय होने का अंदेशा था। माओवादी खीम सिंह बोरा की गिरफ्तारी के बाद उत्तराखंड का जिम्मा भास्कर पर आ गया था। वह माओवादी संगठन को मजबूत करने में लगा हुआ था। हमें उसकी तलाश थी। उससे माओवादी परचे और पत्रिकाएं एवं नगदी बरामद हुई है।
पुलिस टीम मंगलवार सुबह आरोपी भास्कर को कोतवाली से न्यायालय परिसर पांडेखोला ले गई, जहां उसे प्रभारी सीजेएम रिंकी साहनी की अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस ने भास्कर को सोमवार को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की थी। भास्कर के खिलाफ अल्मोड़ा के थाना सोमेश्वर और द्वाराहाट में चार और राजस्व क्षेत्र पल्यूं में अवैधानिक पोस्टर चिपकाने और गैर कानूनी गतिविधि में शामिल होने के आरोप में दो मुकदमे दर्ज हैं। यह सभी मामले 2014, 2015 और 2017 के हैं। वर्ष 2017 में पिछले विधानसभा चुनाव के बाद से पुलिस को भास्कर की तलाश थी। उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। अल्मोड़ा जिले में 2016 में नानीसार आंदोलन में आगजनी और तोड़फोड़ करने में भी उसका नाम सुर्खियों में आया था। अल्मोड़ा पुलिस के साथ ही एसटीएफ, इंटेलीजेंस समेत अन्य खुफिया एजेंसियां उसकी तलाश कर रही थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *