देहरादून में विधायक हॉस्टल के पास अपार्टमेंट में किशोरी की मिली लाश, हंगामा

उत्तराखंड लाइव गढ़वाल देहरादून राज्य समाचार

देहरादून। रेसकोर्स स्थित विधायक हॉस्टल के पास अपार्टमेंट में 15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध हालात में मौत के बाद हंगामा हो गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि घर में काम पर रखने वाले व्यक्ति ने बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या की है। इसे लेकर घटनास्थल के साथ ही नेहरू कॉलोनी थाने में शाम तक हंगामा चलता रहा। बच्ची के परिजन थाने में धरने पर बैठ गए। वहीं विधानसभा में भी कांग्रेस ने भी इस मुद्दे को उठाया और वॉकआउट कर दिया।
वहीं देर शाम देहरादून पुलिस ने मामले में किशोरी के परिजनों की तहरीर पर आरोपी अभिषेक उर्फ राजा लूथरा, उसकी पत्नी और एक अन्य के खिलाफ हत्या, छेड़छाड़, पोक्सो और बाल श्रम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। रेसकोर्स में विधायक हॉस्टल के नजदीक एक फ्लैट में अभिषेक उर्फ राजा लूथरा का परिवार किराये पर रहता है। गुरुवार को यह परिवार अपना सामान एक तल ऊपर के फ्लैट में शिफ्ट कर रहा था। परिवार ने घर में पड़ोस की बस्ती की 15 वर्षीय किशोरी को करीब दो महीने से काम पर रखा हुआ था। गुरुवार सुबह यह किशोरी को अचेत स्थिति में अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां बताया कि किशोरी ने आत्महत्या कर ली। डॉक्टरों ने किशोरी को मृत घोषित कर दिया। उधर देहरादून में गुरुवार को किशोरी की मौत के मामले को लेकर विपक्ष ने सदन के वेल में आकर नारेबाजी की। प्रदेश की कानून व्यवस्था पर चर्चा की मांग स्वीकार नहीं होने पर विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर दिया। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने देहरादून के रेसकोर्स में विधायक हॉस्टल के पास एक किशोरी की मौत की जानकारी दी। साथ ही आर्य ने किशोरी से दुराचार कर उसकी हत्या का भी संदेह जताया। उन्होंने कहा-राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। अपराह्न करीब साढ़े चार बजे आर्य और उनके साथ कुछ विधायक सदन से बाहर चले गए। आर्य कई विधायकों के साथ रेसकोर्स में मौके पर पहुंचे। इसके बाद शाम करीब पौने छह बजे वो सदन में लौटे तो उन्होंने स्पीकर ऋतु खंडूड़ी से कानून व्यवस्था के मुद्दे पर चर्चा की मांग की। आर्य ने आरोप लगाया कि किशोरी की हत्या हुई है, जबकि पुलिस आत्महत्या बता रही है। संसदीय कार्यमंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने भरोसा दिया कि मामले की जांच कराई जा रही है। किशोरी के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जा रही है। ऐसे में दोषी का बचना किसी भी सूरत में संभव नहीं है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान भाजपा विधायक विनोद चमोली ने भी कहा कि इस मामले में कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 18 साल से कम उम्र की लड़की से बाल श्रम कराया जा रहा था। इस बीच नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह खड़े हो गए और कहा कि किशोरी की छोटी बहन ने बताया कि उसकी दीदी के साथ मारपीट की जाती थी। पुलिस इसे आत्महत्या साबित करने की कोशिश कर रही है। विपक्ष ने सदन का बहिष्कार कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *