प्रियंका के नेतृत्व में ही यूपी में चुनाव लड़ेगी कंग्रेस

उत्तरप्रदेश लाइव मुख्य समाचार लखनऊ

लखनऊ। राजेंद्र तिवारी
प्रियंका गांधी हमारी नेता व कांग्रेस का चेहरा हैं। उनके नेतृत्व में यूपी में विधानसभा चुनाव लड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री बनने या न बनने का फैसला खुद प्रियंका करेंगीं। इस बार यूपी एक नया अध्याय लिखेगा। कांग्रेस उम्मीद से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज करेगी। शनिवार को सलमान खुर्शीद ने यह बातें कहीं।
पूर्व मंत्री खुर्शीद ने कहा कि कांग्रेस ने कभी जाति समुदाय की राजनीति नहीं की। प्रयागराज समेत अन्य शहरों में बसपा के ब्राह्मण सम्मेलन पर कहा कि ऐसे लोग केवल वोटों की राजनीति करते हैं। कांग्रेस पूरे प्रदेश में घूम-घूमकर झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वालों की समस्याएं जान और समझ रही है। गरीब व मजबूर लोगों की समस्याओं को घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा। उन्होंने यूपी व केंद्र सरकार को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ी। कहा कि जनता को केवल छला जा रहा है। रोजगार के नाम पर बेरोजगारी बढ़ रही है। महिलाओं से बार-बार अत्याचार हो रहे हैं। विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव से समर्थन के सवाल का सीधा जवाब देने से सलमान खुर्शीद बचते रहे। कहा कि कांग्रेस की नीतियों का सम्मान करने वाला हर व्यक्ति व दल हमारे साथ है। भाजपा को रोकना नहीं बल्कि प्रदेश का विकास करना मकसद है। ऐसी सोच रखने वाले साथ होंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव में ईवीएम की हेराफेरी न हो, जनता को आसानी से वोट देने को मिले, इसके लिए हम हर कार्यकर्ता को तैयार कर रहे हैं। पार्टी में हावी गुटबाजी सिरे से खारिज करते हुए कहा कि एक-एक कार्यकर्ता कभी भी किसी भी नेता से संपर्क कर सकता है। सोशल मीडिया में एक-दूसरे पर आरोप लगाने पर कहा कि एक रेखा खींच दी गई है। उसी के अनुरूप सभी को काम करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *