दस माह बाद कांग्रेस अध्यक्ष का होगा चुनाव, फिर बन सकते हैं राहुल अध्यक्ष

दिल्ली दिल्ली लाइव मुख्य समाचार

नई दिल्ली। अर्पणा पांडेय
कांग्रेस के नए अध्यक्ष के लिए दस माह बाद यानी अगस्त 2022 में चुनाव होगा। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। वहीं पार्टी नेताओं ने राहुल गांधी से फिर अध्यक्ष बनने की गुजारिश की है। वहीं राहुल ने इसपर विचार करने का आश्वासन दिया है।
कांग्रेस ने नए अध्यक्ष के चुनाव कार्यक्रम पर शनिवार को सीडब्ल्यूसी की बैठक में मुहर लग गई। नए अध्यक्ष पद का चुनाव 21 अगस्त से 20 सितंबर 2022 के बीच होगा। करीब साढ़े चार घंटे तक चली कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में एक के बाद एक चुनावी हार, नेताओं के पार्टी छोड़ने और संगठन चुनाव पर विस्तार से चर्चा हुई। पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में हुई सीडब्ल्यूसी ने अगले साल सितंबर में अध्यक्ष पद के चुनाव का ऐलान किया है। तब तक सोनिया गांधी पार्टी अध्यक्ष के तौर अपनी जिम्मेदारी निभाती रहेंगी। सीडब्ल्यूसी की बैठक में एके एंटनी ने राहुल गांधी को पार्टी का नेतृत्व करने का प्रस्ताव रखा, जिसपर सभी सदस्यों ने अपना समर्थन भी दिया। प्रस्ताव पर समर्थन मिलने के बाद राहुल गांधी ने इस पर विचार करने का आश्वासन भी दिया। वहीं बैठक में पार्टी अपने नेताओं को विचारधारा के स्तर पर मजबूत बनाने की कोशिश करेगी। ताकि, उसके कार्यकर्ता और नेता विचारधारा के साथ कोई समझौता नहीं कर सके। इसके लिए पार्टी ने कार्यकर्ता से लेकर बड़े नेता तक सभी को प्रशिक्षण देने का फैसला किया है। विचारधारा के साथ इसमें कांग्रेस की नीतियां, चुनाव प्रबंधन और सरकार के दुष्प्रचार का जवाब देना सिखाया जाएगा। बैठक के बाद कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी बड़े स्तर पर जन जागरण अभियान चलाएगी। इस अभियान के तहत पार्टी 14 से 29 नवंबर तक पूरे देश में अभियान चलाएगी। सीडब्ल्यूसी ने देश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, महंगाई और कृषि की स्थिति पर प्रस्ताव भी पारित किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *