विवादित टिप्पणी पर अजय राय के खिलाफ केस

उत्तरप्रदेश लाइव राज्य समाचार लखनऊ वाराणसी

वाराणसी। आशीष राय
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पर कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय के विवादित बोल पर सोनभद्र में जहां मुकदमा दर्ज हुआ है वहीं वाराणसी में भाजपाइयों ने आपत्ति दर्ज कराई है। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस नेता के बयान को महिलाओं के प्रति उनकी ओछी मानसिकता का परिचायक बताया।
भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह के नेतृत्व में कार्यकत्रियों ने कांग्रेस नेता अजय राय के खिलाफ राबर्ट्सगंज थाने में तहरीर दी। तहरीर में अमेठी की सांसद व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के खिलाफ अजय राय की आपत्तिजनक टिप्पणी पर कार्रवाई करने की मांग की। जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि अशोभनीय टिप्पणी से न केवल महिलाओं का अपमान हुआ बल्कि पता चला कि कांग्रेस नेता अजय राय की नजर में बहन-माताओं की कोई इज्जत नहीं है। यह कांग्रेस पार्टी के निराशावादी दृष्टिकोण का परिचायक है। राबर्ट्सगंज थाना प्रभारी ने बताया कि भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह की तहरीर पर कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 (क), 501 और 509 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मामले में आवश्यक और उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं वाराणसी में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस नेता की टिप्पणी की निंदा की। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयानबाजी अशोभनीय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *