सरकार के कामों का अध्ययन करें और मुखर हों, जीत पक्की है: योगी

उत्तरप्रदेश लाइव राष्ट्रीय लखनऊ

लखनऊ। राजेंद्र तिवारी
विधानसभा चुनाव 2022 जीतने के लिए बस सरकार के काम को जनता तक पहुंचा दें, जीत पक्की है। यह मंत्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टी प्रवक्ताओं और कार्यकर्ताओं को सोमवार को दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव में पार्टी प्रवक्ताओं और मीडिया प्रभारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। सरकार के कामों का अध्ययन करिए। मुखर होइए। अपनी बात प्रभावी ढंग से कहिए। उसे बार-बार कहने की आदत डालिए। सिर्फ प्रधानमंत्री मोदीजी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किए गए काम जनता तक पहुंचा दिए तो आपके सामने कोई टिकने वाला नहीं है। विपक्ष के पास न नीति है और न नियत। जनता दिल से भाजपा के साथ है। ये बातें मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पार्टी की मीडिया कार्यशाला में कहीं।
सभी जिलों व क्षेत्र के मीडिया प्रभारियों और सह मीडिया प्रभारियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हम लोगों ने कुशीनगर से एक नए अभियान की शुरुआत की है। जो सीटें जीतने में हम 2017 में सफल नहीं हो पाए थे, इस बार उन पर सफलता हासिल करने की योजना पर काम शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने 2014, 2017 और 2019 में भाजपा का पूरा साथ दिया। 2019 में तो प्रदेश में बने एक बड़े गठबंधन को भी पूरी तरह नकार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में 20 से 24 घंटे बिजली मिल रही है। सड़कों और एक्सप्रेस-वे का जाल बिछा है। महिलाएं सुरक्षित महसूस करती हैं। अपराधी खुद गले में तख्ती लटकाकर थाने पहुंच जाते हैं। कोरोना प्रबंधन के मामले में बहुत काम किए गए। आम आदमी पार्टी और दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें झूठे आरोप लगाने की आदत है। विरोधी केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का झूठा श्रेय लेने का प्रयास करेंगे, तब आपको सही बात पुरजोर ढंग से लोगों तक पहुंचानी है। वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि ईमानदार नेतृत्व केवल भाजपा के पास है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री दोनों ही गरीबों की चिंता करते हैं। हमारे नेताओं की सेवा, तप और तपस्या दिखती है। आपके आचरण में राष्ट्रवाद दिखना चाहिए। उन्होंने सभी मीडिया प्रभारियों का आह्वान किया कि सरकार के कामों के साथ ही सपा, बसपा और कांग्रेस की सच्चाई भी जनता तक पहुंचाएं। प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने कहा कि मीडिया प्रभारियों के जिम्मे पर बेहद महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सरकार के काम और पार्टी के विचार को मजबूती के साथ जनता तक पहुंचाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *