सिंघु बोर्डर पर किसानें के धरना स्थल के पास युवक की नृशंस हत्या

दिल्ली दिल्ली लाइव मुख्य समाचार

नई दिल्ली। टीएलआई
दिल्ली-हरियाणा सीमा पर किसानों के धरनास्थल के पास एक युवक की बर्बर हत्या कर दी गई। निहंग समुदाय से जुड़े कुछ लोगों ने गुरुवार रात युवक की बुरी तरह से पिटाई की। इसके बाद उसका हाथ काटकर अधमरी हालत में धरनास्थल के पास लोहे की तारों से बने बैरिकेड पर लटका दिया। युवक की हत्या के बाद किसान आंदोलन पर भी सवाल उठने लगा है।
शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को सिंघु बॉर्डर पर युवक की नृशंस हत्या से जुड़ा बताया जा रहा था। इसमें एक समूह के लोग खून से लथपथ युवक के पास खड़े नजर आ रहे हैं। वे कह रहे हैं कि युवक को पवित्र किताब की बेअदबी के लिए सजा दी गई है। वीडियो में युवक का बायां हाथ कटा हुआ दिखाई दे रहा है। वह दोषियों से रहम की गुहार लगाता नजर आ रहा है। शुक्रवार को निहंग समुदाय से जुड़े सरवजीत सिंह नाम के एक युवक ने हत्या में संलिप्तता की बात कबूलते हुए पुलिस के सामने समर्पण कर दिया। उसने बताया कि मृतक ने धार्मिक पुस्तक से बेअदबी की थी। वह उसे अपवित्र स्थान पर ले गया था। सोनीपत पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि डीएसपी विरेंदर राव के नेतृत्व में एक दल शुक्रवार शाम निहंगों के शिविर पहुंचा था। इस दौरान सरवजीत ने हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए समर्पण कर दिया।अधिकारी के मुताबिक सरवजीत की मेडिकल जांच की गई है। उसे शनिवार को स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा। अधिकारी की मानें तो सरवजीत को अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है। पुलिस के सामने समर्पण से पहले उसने कुछ पत्रकारों से कहा कि धार्मिक पुस्तक का अपमान करने वालों का यही अंजाम होगा। इस बीच, संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने हत्या की कड़ी निंदा करते हुए स्पष्ट किया कि दोषी केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ जारी उसके आंदोलन का हिस्सा नहीं हैं। उधर किसान नेता अभिमन्यु कोहर ने कहा कि निहंग समुदाय से जुड़े एक समूह ने कथित तौर पर इस नृशंस हत्या की जिम्मेदारी ली है। समूह में शामिल लोग एसकेएम के प्रदर्शन का हिस्सा नहीं हैं। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं पुलिस के अनुसार सोनीपत पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान पंजाब के तरण तारण जिले के चीमा खुर्द निवासी लखबीर सिंह के रूप में हुई है। वह पेशे से मजदूर था। उसकी उम्र 35 साल के आसपास थी। पुलिस महानिरीक्षक (रोहतक रेंज) संदीप खिरवार ने बताया कि कुंडली थाने को सुबह पांच बजे सूचना मिली कि किसानों के धरनास्थल के पास एक शव मिला है। इसके बाद पुलिस दल घटनास्थल पहुंचा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *