भाजपा ने उत्तर प्रदेश को दंगा मुक्त बनाया : योगी

उत्तरप्रदेश लाइव बरेली मुख्य समाचार मुरादाबाद मेरठ लखनऊ

लखनऊ। राजेंद्र तिवारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रदेश की पिछली सरकारों पर जोरदार हमला बोला। कहा कि पहले परिवार के लोगों ने नौकरी को वसूली का माध्यम बना लिया था। भाजपा सरकार ने साढ़े चार साल में साढ़े चार लाख नौकरियां दीं। किसी भी बेरोजगार को एक भी पैसा नहीं देना पड़ा। 2012 में सपा सरकार बनने के बाद हर जिले में दंगा होता था। हमने प्रदेश को दंगा मुक्त बनाया। बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं थीं। गरीबों- किसानों के बारे में कभी नहीं सोचा गया। भाजपा किसानों के सम्मान की लड़ाई लड़ रही है। बारिश-बाढ़ से बर्बाद फसल का मुआवजा दिया जाएगा। जल्दी ही किसानों के खातों में पैसा आएगा।
मुख्यमंत्री ने बदायूं जिले में 1328 करोड़ और शाहजहांपुर में 495 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि हमने शिलान्यास किया है तो लोकार्पण भी करने जरूर आएंगे। सपा-बसपा पर बोला हमला : सपा-बसपा की सरकारों पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि पहले हर भर्ती में भ्रष्टाचार होता था। भाजपा सरकार ने इसे खत्म किया। कोर्ट ने किसी भी भर्ती को नहीं रोका। हमारी सरकार ने साढ़े चार लाख युवाओं को नौकरियों दी, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं की भी भागीदारी है। पहले त्योहारों पर दंगे होते थे, कर्फ्यू लगता था। सपा की सरकार आते ही रामजन्मभूमि पर हमला करने वालों से मुकदमा वापस लिया गया था। शासन के फरमान जारी हो जाते थे कि होली बारह बजे के बाद नहीं खेलोगे, दीपावली पर दस बजे के बाद पटाखे नहीं छोड़ोगे। अयोध्या जाने से लोग घबराते थे। आज आपने देखा होगा कि साढे़ चार साल में पर्व और त्योहार शांतिपूर्वक मनाए जा रहे हैं। कोई आतंकी वारदात नहीं है, कोई दंगा नहीं है। त्योहारों पर अब दीये जलाये जाते हैं।
किसानों के लिए घोषणाएं कीं : मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को पहले कोई नहीं पूछता था। आज हमारे विधायक, सांसद 24 घंटे में मदद देते हैं। हमारी सरकार में गन्ना भुगतान हो रहा है। मिलें शुरू हो गई हैं। किसानों के साथ कोई अन्याय नहीं होने देंगे। इस बार धान केंद्र पिछले साल से ज्यादा बनाए गए हैं। अगर किसानों की शिकायत मिली तो कड़ी कार्रवाई होगी। 24 घंटे बिजली देने की बात कही। बाढ़-बारिश से बर्बाद फसल का मुआवजा शीघ्र किसानों के खाते में डाल दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *