भाजपा कर रही है तानाशाही : अखिलेश

उत्तरप्रदेश लाइव राज्य समाचार लखनऊ

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा देश में लोकतंत्र और संविधान के लिए खतरा बन गई है। लोकसभा चुनाव में हार से डरी भाजपा अन्याय और तानाशाही पर उतर आई है। यह लोकसभा चुनाव बहुत विशेष है। यह लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण बचाने का चुनाव है। भाजपा की तानाशाही को उखाड़ फेंकने का चुनाव है।
झारखण्ड के रांची में रविवार को इंडिया गठबंधन की संयुक्त रूप से आयोजित महारैली में अखिलेश यादव ने यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि अगर देश की जनता हटाने से चूक गई तो भाजपा वोट का अधिकार छीन लेगी। भाजपा देश पर अंग्रेजों की तरह शासन करना चाहती है। उन्होंने कहा कि देश में जितने भी तानाशाह हुए हैं, वे वोट से सत्ता में आये थे। भाजपा को वोट के जरिए ही सत्ता से बाहर करना है। अखिलेश यादव ने कहा कि हजारों करोड़ रुपये की चुनावी चंदा के नाम पर वसूली की है। तमाम कंपनियों को डराकर वसूली की। कोरोना के समय वैक्सीन बनाने वाली कंपनी से भी वसूली कर ली है। जबसे इलेक्टोरल बांड का मामला बाहर आया है। भाजपा के नेता घबराये हुए हैं। उनके पास भ्रष्टाचार का कोई जवाब नहीं है।
अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकारों में भर्ती परीक्षाओं के तमाम पेपर लीक हुए। जबसे भाजपा की सरकार आई है। नौजवानों, किसानों, आदिवासियों की आर्थिक स्थिति और खराब हो गई है। पहले जुमलेबाजी करने वाले भाजपा के लोग जनता को झूठी गारन्टी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा का सफाया हो गया है। किसान, नौजवान सहित सभी लोग एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ मतदान कर रहे है। भाजपा की सरकार अब बचने वाली नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *