अफगान से 590 भारतीय अब तक पहुंचे स्वदेश

दिल्ली दिल्ली लाइव मुख्य समाचार राजधानी

नई दिल्ली। टीएलआई
अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद से केंद्र सरकार ने विशेष विमान से अबतक 590 लोगों को निकाल चुकी है। रविवार को भी तीन अलग-अलग विमानों से 392 लोगों को भारत लाया गया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने विमान के हिंडन में उतरने से कुछ घंटों पहले ट्वीट किया, ‘भारतीयों की निकासी जारी है। भारत के 107 नागरिकों समेत 168 यात्री भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से काबुल से दिल्ली लाए जा रहे हैं।’ ऐसा बताया जा रहा है कि काबुल से दोहा लाए गए भारतीय अफगानिस्तान स्थित कई विदेशी कंपनियों के कर्मी हैं। इससे पूर्व, बागची ने देर रात करीब एक बजकर 20 मिनट पर ट्वीट किया था कि अफगानिस्तान से भारतीयों को वापस लाया जा रहा है। दो नेपाली नागरिकों को भी लाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार भारतीय वायुसेना के सी-17 सैन्य परिवहन विमान के जरिये 107 भारतीयों और 23 अफगान सिखों एवं हिंदुओं समेत कुल 168 लोगों को रविवार को काबुल से दिल्ली लाया गया। यह विमान रविवार सुबह हिंडन एयरफोर्स स्टेशन पर उतरा। वहीं, 87 भारतीयों और दो नेपाली नागरिकों के एक अन्य समूह को दुशाम्बे से एयर इंडिया के एक विशेष विमान से वापस लाया गया। इससे एक दिन पहले उन्हें भारतीय वायुसेना के विमान के जरिये काबुल से ताजिकिस्तान की राजधानी दुशाम्बे ले जाया गया था। इसके अलावा अमेरिका और नाटो के विमान के जरिये पिछले कुछ दिन में काबुल से दोहा ले जाए गए 135 लोगों के एक समूह को भी विशेष विमान से दिल्ली लाया गया। भारत ने अमेरिका, कतर, ताजिकिस्तान और कई अन्य मित्र देशों के साथ समन्वय स्थापित करके अफगानिस्तान से लोगों को बाहर निकालने का अभियान चलाया है। अधिकारियों ने बताया कि काबुल से लाए गए 168 लोगों के समूह में अफगान सांसद अनारकली होनारयार और नरेंद्र सिंह खालसा के अलावा उनके परिजन भी शामिल हैं।
सोमवार को 40 से ज्यादा भारतीयों को लेकर पहली उड़ान भारत पहुंची थी। भारतीय राजनयिकों, अधिकारियों एवं सुरक्षाकर्मियों और वहां फंसे कुछ भारतीयों समेत करीब 150 लोगों के साथ दूसरा सी-17 विमान मंगलवार को दिल्ली पहुंचा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *