सुनीता से कल्पना तक ने भाजपा को लिया निशाने पर

दिल्ली लाइव देश मुख्य समाचार राजधानी राज्य

रांची। झारखंड में आयोजित ‘इंडिया’ गठबंधन की रैली में सुनीता केजरीवाल से कल्पना सोरेन तक ने भाजपा को निशाने पर लिया। वहीं कांग्रेस ने मोदी को निशाने पर लेते हुए कहा कि इस बार गठबंधन की मजबूती से भाजपा हारेगी।
रांची के प्रभात तारा मैदान में झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन की ओर से ‘उलगुलान न्याय महारैली’ का रविवार को आयोजन किया गया था। रैली में गठबंधन के सभी नेताओं ने एकजुटता दिखाई। रैली को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल से लेकर झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन तक ने संबोधित किया। कल्पना सोरेन ने कहा कि भाजपा विपक्ष शासित राज्यों में सरकारें गिराने का काम कर रही है, हम लोकतंत्र को विफल नहीं होने देंगे। हेमंत सोरेन ने संदेश को पढ़ते हुए कल्पना ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मेरे पति हेमंत सोरेन को चुनाव से ठीक पहले उन ताकतों ने जेल में डाल दिया, जो उनकी सरकारों के खिलाफ साजिश रच रहे थे। विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए ईडी और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है, लेकिन भाजपा और ऐसी ताकतों को झारखंड से बाहर कर दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि अगर पार्टी मौजूदा चुनाव जीतती है तो यह आदिवासियों के लिए एक ‘बड़ा खतरा’ होगा। वहीं सुनीता केजरीवालने कहा कि अरविंद केजरीवाल को सत्ता की कोई इच्छा नहीं है। वह सिर्फ देश की सेवा करना चाहते हैं। वह देश को नंबर 1 बनाना चाहते हैं। कई लोग कहते हैं कि ये मुश्किल है। ‘जेल के ताले टूटेंगे, अरविंद केजरीवाल, हेमंत सोरेन छूटेंगे…।’ पंजाब के मुख्यमंत्री और आप नेता भगवंत मान ने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी नहीं है, बल्कि भारतीय जुमला पार्टी है। देश में बड़ा इंकलाब आने वाला है। आज जहां तक नजर जा रही थी वहां तक लोगों की भीड़ थी, लोगों में बहुत उत्साह था। जब बदलाव के लिए लोग चलते हैं तो ऐसी ही भीड़ दिखती है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वे 500, 400 सीटें कहते रहते हैं, लेकिन इस बार गठबंधन की ‘शक्ति’ इतनी मजबूत है कि चाहे वह पीएम मोदी हों या कोई भी हो, भाजपा के लोग हमारी शक्ति को नहीं तोड़ सकते। वे हमें डराने की कोशिश कर रहे हैं। राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि पीएम मोदी ने केवल ये काम किए हैं- देश में गरीबी बढ़ाई, महंगाई बढ़ाई, जुमलेबाजी की। 2014 में उन्होंने कहा था कि हर साल 2 करोड़ लोगों को नौकरी दी जाएगी, वो नौकरी कहां गई? कालाधन वापस आएगा और सभी के खाते में 15 लाख रुपए डाले जाएंगे। आप लोग के खाते में पैसा नहीं आया, लेकिन बीजेपी के खाते में चंदा चुनावी बॉन्ड के जरिए हजारों- करोड़ों रुपए आ गए हैं। ‘उलगुलान न्याय महारैली’ में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब से इन्होंने आपके (झारखंड) मुख्यमंत्री और दिल्ली के मुख्यमंत्री को जेल भेजा है वे चुनाव हार चुके हैं। मैदान में जब पहलवान हारने लगता है तब कई तरह के हथकंडे अपनाता है। भाजपा यह न भूले कि शेर को गिरफ्तार किया है, लेकिन उनकी दहाड़ को गिरफ्तार नहीं कर पाए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *