भ्रष्टाचार के कारण अब तक कानपुर में नहीं चली मेट्रो : योगी

इलाहाबाद उत्तरप्रदेश लाइव गोरखपुर मुख्य समाचार लखनऊ

लखनऊ। राजेन्द्र तिवारी
मेट्रो के ट्रायल का शुभारंभ करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्रकारों से बातचीत में सपा सरकार पर तीखा हमला बोला। कहा कि आबादी के हिसाब से कानपुर यूपी में सबसे बड़ा शहर है। यहां मेट्रो की शुरुआत बहुत पहले ही हो जानी चाहिए मगर पिछली सरकार (सपा सरकार) की नकारात्मक सोच और भ्रष्ट रवैये के कारण यह सफल नहीं हुआ।
आखिरकार इंतजार की घड़ियां समाप्त हुईं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को डिपो में बटन दबाकर कानपुर मेट्रो के ट्रायल रन का शुभारंभ किया तो तालियों की गड़गड़ाहट से परिसर गूंज उठा। इसी के साथ कानपुर मेट्रो वाला यूपी का पांचवां शहर बन गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कानपुर से पहले नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और लखनऊ के लोग मेट्रो से सफर कर रहे हैं। डेढ़ माह में यहां के लोग भी मेट्रो से सफर करेंगे। इस मौके पर सभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कानपुर औद्योगिक नगरी है। यहां मेट्रो की सबसे ज्यादा जरूरत थी मगर इसका ख्याल ही नहीं रखा गया। पिछली सरकारों ने थोड़ा भी प्रयास किया होता तो यह संभव हो जाता। अब यहां की यातायात व्यवस्था भी सुगम हो जाएगी। लोग आराम से मेट्रो में सफर करेंगे। कानपुर के लिए मेट्रो की उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। ट्रायल रन छह हफ्ते तक चलेगा। इसके बाद प्रधानमंत्री के हाथों मेट्रो ट्रेन का लोकार्पण कराया जाएगा। इसमें बस एक से डेढ़ माह और लगेंगे। उन्होंने कहा कि मेट्रो संचालन भारत व राज्य सरकार की संयुक्त व्यवस्था है जो उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कार्पोरेशन द्वारा संचालित है। इसमें यूरोपियन इन्वेस्टमेंट बैंक ने निवेश किया है। पहले कानपुर औद्योगिक शहर होने के नाते जाना जाता था मगर अब यह शहर बेहतर पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए भी जाना जाएगा। मेट्रो की औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *