कांग्रेस देगी महिलाओं को तीन सिलेंडर मुफ्त : प्रियंका

उत्तरप्रदेश लाइव मुख्य समाचार लखनऊ

लखनऊ। राजेंद्र तिवारी
कांग्रेस सरकार में आती है तो महिलाओं को तीन रसोई गैस सिलेंडर मुफ्त देने का प्रियंका गांधी ने प्रतिज्ञा ली है। यही नहीं सरकारी बस में महिलाएं मुफ्त में यात्रा भी करेंगी। कांग्रेस की प्रतिज्ञा रैली में गोरखपुर पहुंची कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने रविवार को जनसभा में यह प्रतिज्ञा ली है।
प्रियंका ने जनसभा में संबोधन की शुरुआत भोजपुरी में की। उन्होंने कहा कि का हालचाल बा, आप सब ठीक बानी। प्रियंका गांधी ने लोगों से वादा करते हुए कहा कि गोरखपुर में मत्स्येंद्रनाथ यूनिवर्सिटी की स्थापना की जाएगी। सरकार आएगी तो किसानों का पूरा कर्ज माफ करेंगे। उन्होंने कहा कि छुट्टा पशुओं की समस्या का छत्तीसगढ़ की तर्ज पर समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश में 20 लाख सरकारी नौकरियां देंगे। संविदा पर काम करने वाले भाई-बहनों को नियमित करेंगे। विधानसभा चुनाव में 40 फीसदी सीटों पर महिलाओं को चुनाव में उतारेंगे। छात्राओं को स्मार्ट फोन और स्कूटी देंगे। आशा बहनों को 10 हजार रुपये का मानदेय मिलेगा। कोई भी बीमारी होगी, सरकार 10 लाख तक के इलाज में मदद करेगी। अमित शाह पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अपराधी देखने के लिए दूरबीन नहीं सिर्फ चश्मे की जरूरत होती है। उन्हें बगल में अजय मिश्रा टेनी नजर आ जाएंगे। उन्होंने अखिलेश के बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि मैं मर जाऊंगी लेकिन भाजपा के साथ मेल नहीं करूंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *