तालिबानी शासन चाहती है कांग्रेस : योगी

आगरा उत्तरप्रदेश लाइव नोएडा मुरादाबाद राज्य समाचार लखनऊ

लखनऊ। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में समुदाय विशेष के लिए व्यक्तिगत कानून लाने की बात लिखी है। इसके जरिये कांग्रेस देश में शरिया कानून लागू कर तालिबानी शासन लाना चाहती है। कांग्रेस पर हमला करते हुए अमरोहा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन के लोग बाबा साहब द्वारा बनाए गए संविधान के लिए खतरा हैं।
अमरोहा और बागपत में जनसभा के दौरान योगी के निशाने पर कांग्रेस, सपा व बसपा रही। योगी ने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में समुदाय विशेष के लिए व्यक्तिगत कानून लाने की बात लिखी है। इसके जरिये कांग्रेस देश में शरिया कानून लागू कर तालिबानी शासन लाना चाहती है। योगी आदित्यनाथ ने अमरोहा में कहा कि कांग्रेस के समय आतंकी वारदात होती थी तो यह कानों में तेल डालकर सो जाते थे। कहते थे कि हम देख रहे हैं, देखेंगे और आतंकी वारदात कर देता था। समाजवादी पार्टी ने तो बेशर्मी की हदें पार कर दीं। जिन लोगों ने अयोध्या के राम जन्मभूमि व काशी में संकट मोचन मंदिर पर हमला किया था, उन आतंकियों के मुकदमों को सपा ने वापस लेने का दुस्साहस किया, लेकिन न्यायपालिका ने सपा के इस मंशा को पूरा नहीं होने दिया। कोर्ट ने सपा पर तीखी टिप्पणी की थी कि आज आतंकियों के मुकदमे वापस ले रहे हो औऱ कल बेशर्मी के साथ इन्हें पद्म पुरस्कार से नवाज कर देश की जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ करोगे। न्यायपालिका यह नहीं होने देगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा विकास की बात करती है। हम अमरोहा को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ रहे हैं। अब डेढ़ घंटे में दिल्ली, चार घंटे में लखनऊ व छह घंटे में प्रयागराज जा सकते हैं। आरोप लगाया कि जब कल्याण सिंह का देहांत हुआ तो सपा के लोग गए भी नहीं। अमरोहा के सांसद पर हमलावर योगी ने कहा कि आपके सांसद ने पहले हाथी का सहारा लिया तो अब हाथ का सहारा लेकर आ रहा है। यह रहेंगे और खाएंगे भारत का, लेकिन भारत मां की जयकार नहीं करेंगे, ऐसा नहीं हो सकता है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेसी और सहयोगी दलों के रूप में आए इंडी गठबंधन वालों ने देश के साथ गद्दारी किया है और फिर गद्दारी करने के लिए यह झूठे घोषणा पत्र के साथ आए हैं। ये कहते हैं कि हम एक झटके में गरीबी मिटा देंगे जबकि वह आपकी संपत्ति और बेटियों-माताओं के गहने जब्त करने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि गरीबी का जो नारा दादी इंदिरा ने दिया, तोते की तरह वही रट पोता भी लगाए बैठा है। जब देश की जनता ने सत्ता से बेदखल कर दिया तो फिर से इन्हें गरीबी हटाने की बात याद आती है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का संपत्ति हड़पने का पुराना इतिहास रहा है। यह अपने लिये जीते हैं। समाजवादी पार्टी ने टिकट अपने ही परिवार में बांट दिए। योगी ने कहा कि वोट गलत जगह जाएगा तो आतंकवाद और माफिया राज फिर से लौटकर आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *