कश्मीर घाटी में बर्फबारी से सभी उड़ानें रद्द

अभी अभी दिल्ली दिल्ली लाइव देश राज्य राष्ट्रीय

श्रीनगर। कश्मीर घाटी में बर्फबारी के कारण रविवार को श्रीनगर हवाई अड्डे पर सभी उड़ानें रद्द कर दी गईं। अधिकारियों ने कश्मीर के पर्वतीय इलाकों के लिए हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है और स्थानीय निवासियों से अगले 24 घंटों के लिए अनावश्यक आवाजाही से बचने का आग्रह किया है।
अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर के मैदानी इलाकों में रविवार को मध्यम और ऊंचाई वाले स्थानों पर भारी बर्फबारी हुई। इसका असर सड़क यातायात पर भी दिखा। सड़कों से बर्फ हटाने का कार्य किया जा रहा है, ताकि वाहनों की आवाजाही संभव हो सके। सड़कों पर फिसलन होने के कारण यातायात धीमा हो गया है। बर्फबारी के कारण न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई है लेकिन घाटी के अधिकांश स्थानों पर दिन के तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, मंगलवार से कश्मीर में मौसम में सुधार होने की उम्मीद है। दक्षिण कश्मीर का काजीगुंड शहर शनिवार को सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद कोकेरनाग में 3.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर में गुलमर्ग स्कीइंग रिजॉर्ट में पारा पिछले 72 घंटों से हिमांक बिंदु से कई डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है। रविवार को न्यूनतम तापमान शून्य से सात डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उधर, राजस्थान में पिछले 24 घंटो में जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, अजमेर व भरतपुर संभाग के कुछ भागों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हुई है। मौसम विभाग के प्रवक्ता के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान के हनुमानगढ़ के गोलूवाला में सर्वाधिक 21 मिलीमीटर बारिश, बीकानेर के डूंगरगढ़ में 10 मिलीमीटर, हनुमानगढ़ में 10 मिलीमीटर, हनुमानगढ़ के संगरिया में 7 मिलीमीटर, अनूपगढ़ में 6 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई। सोमवार से राज्य के अधिकांश भाग में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है, जबकि मंगलवार से प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री गिरावट होने की संभावना है। वहीं पंजाब में पंजाब और हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में रविवार को बारिश हुई। इस दौरान न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से ऊपर रहा। मौसम विभाग के अनुसार, चंडीगढ़, मोहाली, हिसार, अंबाला, लुधियाना और पटियाला समेत कई इलाकों में बारिश हुई। पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक है, जबकि लुधियाना और पटियाला में न्यूनतम तापमान क्रमशः 11.1 और 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक है। हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान 11.8 सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि हिसार में न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *