योगमय हुआ पानी से पहाड़ तक

अभी अभी एनसीआर गुडगाँव दिल्ली दिल्ली लाइव देश नोएडा मुख्य समाचार राजधानी

अर्पणा पांडेय
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पानी से पहाड़ तक योगमय नजर आया। क्या नेता, क्या अभिनेता और क्या आम जनता। देश में ही नहीं विदेश में भी पांचवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर लोग योग करते नजर आए। कोई पद्मासन तो कोई शीर्षसान करते हुए भी नजर आया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रांची में करीब 40 हजार लोगों के साथ योग किया तो वहीं अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने गेटवे ऑफ इंडिया पर प्रशंसकों के साथ योग के आसन करते हुए दिखीं। आईटीबीपी के जवानों ने माइनस 20 डिग्री में योग दिवस मनाया। इस साल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘क्लाइमेट एक्शन है’। हरिद्वार, इलाहाबाद और वाराणसी में लोगों ने गंगा किनारे और गंगा में खड़े होकर भी योग किया।


आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का पांचवां साल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रांची में करीब 40,000 लोगों के साथ विभिन्न आसन किए। मोदी रांची के धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में योग कर रहे थे। प्रधानमंत्री के साथ झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीपद येसो नाइक और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी भी मौजूद रहे। वहीं आईटीबीपी के जवानों ने उत्तरी लद्दाख में 18000 फीट की ऊंचाई पर माइनस 20 डिग्री सेल्सियस तापमान में योग किया। हिमालय पर भारतीय सेना के जवानों ने भी योग किया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने सांसदों और संसद के कर्मचारियों के साथ योगा किया। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने दिल्ली के द्वारका में लोगों के साथ योग किया। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रोहतक में योग किया।
मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया पर बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने लोगों के साथ योग किया। दिल्ली में फ्रांसीसी दूतावास में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर योग किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *