रांची की रैली में पंजाब के सीएम ने दिखाई तल्खी

दिल्ली दिल्ली लाइव देश राज्य राष्ट्रीय

रांची। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि हेमंत सोरेन और अरविंद केजरीवाल को तो गिरफ्तार कर लोगे, लेकिन उनकी सोच को कहां कैद करोगे, मोदी जी। कल्पना सोरेन और सुनीता केजरीवाल की ओर इशारा करते हुए कहा कि दोनों बहनों के पति मुख्यमंत्री थे, मुख्यमंत्री हैं। सामान्य घरों से आते हैं। क्या कसूर है इनका? लोगों को शिक्षा, अस्पताल, बिजली, इंफ्रास्ट्रक्चर की सहूलियत देना चाहते थे। गरीबी-बेरोजगारी मिटाना चाहते थे। महिलाओं को मुफ्त सफर, मंहगाई के समय हजार-हजार रुपये देना चाहते थे, उठाकर जेल में डाल दिया। हेमंत सोरेन और केजरीवाल की खाली कुर्सियों को दिखाते हुए उन्होंने कहा कि यही दो खाली कुर्सियां भाजपा की सभी कुर्सियां खाली कराएंगी, देख लेना।
यह देश किसी के बाप की जागीर नहीं
मान ने कहा कि इन्होंने समझ क्या रखा है। यह देश किसी के बाप की जागीर नहीं है, 140 करोड़ लोगों का देश है। ये समझते हैं हम जेल में डालकर आवाज दबा लेंगे। पार्टी खत्म कर देंगे। किसी का एमएलए तोड़ दो, एमपी खरीद लो। किसी के खाते फ्रीज कर दो सामने कोई लड़ ही न पाए। संजय सिंह को छह माह जेल में रखने के बाद ईडी ने कहा कि इनको छोड़ दो, कोई सबूत नहीं है। ऐसी ही बातें हेमंत सोरेन और अरविंद केजरीवाल के बारे में भी कहेंगे। उन्हें डर है कि ये लोकप्रिय नेता हैं, जहां भी जाते हैं भाजपा का सुपड़ा साफ कर देते हैं। कल जो 102 सीटों पर मतदान हुआ है, उसमें 80 से 90 सीटें इंडी गठबंधन को आ रही है। हमलोग जेल से डरने वाले नहीं हैं। मान ने कहा कि हमारे पंजाब में भी एक कोयले की माईन है, उसको लेकर हेमंत सोरेन से अक्सर बातें होती रहती थीं। वह कहते थे, झारखंड गरीब नहीं है, यहां जो गरीब थे, उसे गरीब रखा गया है। जल-जंगल-जमीन का पेसा कानून लागू नहीं किया। कुदरत ने हमें जो खानें दी हैं, उस पर भी केंद्र की आंखें लगी हैं। हमसे छीनना चाहते हैं। इनका हर बात पर जुमला, हर बात पर झूठ। यह भारतीय जनता पार्टी नहीं, भारतीय जुमला पार्टी है। अभी और भी जुमले आने वाले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *