संजीव आर्य का स्वागत, लेकिन टिकट कहीं और देखें : सरिता

अल्मोड़ा उत्तराखंड लाइव देहरादून नैनीताल राज्य समाचार

हल्द्वानी। अनीता रावत
कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य और उनके पुत्र नैनीताल विधायक संजीव आर्य के कांग्रेस में फिर से शामिल होते ही पार्टी में बगावती तेवर नजर आने लगे हैं। कांग्रेस नेता औश्र पूर्व विधायक सरिता आर्य ने कहा कि वह संजीव का पार्टी में स्वागत करती हूं पर यदि वह टिकट की शर्त पर पार्टी में आए हैं तो उन्हें नैनीताल के अलावा कहीं और से टिकट दिया जाए। सरिता आर्य ने साफ कहा कि 2022 में वह चुनाव लड़ने की मंशा रखती हैं। कांग्रेस नेता हेम आर्य ने भी खुद को नैनीताल सीट से टिकट का दावेदार बताया है।
यशपाल आर्य और संजीव आर्य की कांग्रेस में एंट्री के साथ ही नैनीताल कांग्रेस में बगावत के संकेत दिखने लगे हैं। सोमवार को पिता-पुत्र के कांग्रेस ज्वाइन करने के कुछ घंटे बाद ही पूर्व विधायक सरिता आर्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि हम पांच साल से अपना पैसा और समय खर्च करके मुश्किल समय में पार्टी को मजबूत बनाने में लगे रहे। 2016 में जब हमारी सरकार के खिलाफ राष्ट्रपति शासन लगा और तो कई नेता पार्टी को मंझधार में छोड़कर चले गए। इतने मुश्किल समय में भी हम पार्टी को थामे रहे। ऐसे में यदि शीर्ष नेतृत्व ने गलत निर्णय लिया, तो उन्हें भी सोचने पर मजबूर होना पड़ेगा। हालांकि कांग्रेस छोड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह ऐसा नहीं करने जा रही हैं। यह शीर्ष नेतृत्व के निर्णय पर निर्भर करेगा। तेजी से बदले हालात के बीच विधानसभा चुनाव में नैनीताल सीट से संजीव को कांग्रेस का टिकट देने की चर्चाएं जोरों पर हैं। ऐसे में कई साल से कांग्रेस पार्टी के लिए काम कर रहे कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। सोशल मीडिया पर कांग्रेस कार्यकर्ता अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर कर रहे हैं। सोमवार को नैनीताल में कांग्रेस की सदस्यता अभियान के संबंध में बैठक हुई। इसमें विभिन्न ब्लॉकों के कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में संजीव की वापसी के बाद पार्टी के भीतर बने हालात पर चर्चाएं हुईं। इसमें कार्यकर्ताओं की नाराजगी को देखा जा सकता था। साफ है कि यदि संजीव को कांग्रेस से चुनाव का टिकट मिलता है, तो नैनीताल कांग्रेस में भी बगावत होने की आशंका है। वहीं कांग्रेस नेता हेम आर्य ने कहा कि संजीव आर्य का पार्टी में स्वागत है। मैं 27 साल से नैनीताल नगर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक में सक्रिय रूप से जनता के बीच हूं। विधानसभा चुनाव में टिकट के लिए नैनीताल से मेरा दावा सबसे मजबूत है। संजीव हमारे पीछे आएं और कांग्रेस को अधिक मजबूत बनाने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *