रामलला के दरबार में यूपी सरकार

आगरा इलाहाबाद उत्तरप्रदेश लाइव गोरखपुर नोएडा बरेली मुख्य समाचार मुरादाबाद मेरठ लखनऊ वाराणसी

अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के आग्रह पर रविवार को विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद व ब्रजेश पाठक, प्रदेश सरकार के विधायक और मंत्री प्रभु श्रीरामलला के दर्शन करने अयोध्या पहुंचे।
रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद से ही उनके दर्शन के लिए आतुर उत्तर प्रदेश विधान मंडल दल व विधान परिषद सदस्यों के साथ मंत्रि परिषद के सदस्यों की अभिलाषा 20 दिनों बाद रविवार को पूरी हो गयी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व दोनों डिप्टी सीएम सहित मंत्री परिषद के रूप में प्रदेश की पूरी सरकार रामलला के समक्ष नतमस्तक हो भाव विभोर हो गई। सबने अलग-अलग रामलला से प्रार्थना की और वर्षों की तपस्या की सफलता पूर्वक निवृत्ति के लिए कृतज्ञता भी जताई। दर्शन के बाद सबने अलग-अलग भावों की अभिव्यक्ति भी की।उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने कहा कि हम सभी से रामलला का दिव्य दर्शन किया और रामजन्म भूमि से ही हनुमान जी के चरणों में भी प्रार्थना की। उन्होंने बताया कि रामलला से यह आशीर्वाद भी मांगा कि लोकसभा के चुनाव में भाजपा गठबंधन को चार सौ से अधिक सीट हासिल हो। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो राम का नहीं वह किसी काम का नहीं इसलिए समाजवादी को समाप्त पार्टी की दशा में पहुंचाएं। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक बोले कि रामलला का अदभुत दर्शन हुआ और हम सब आह्लादित है व प्रसन्न हैं।
जानकारी के अनुसार परिवहन निगम की लग्जरी बसों में सवार सभी विधायक दोपहर 12:36 बजे अयोध्या पहुंचे। गेट नंबर 11 से सभी दस बसें अंदर गईं। लगभग डेढ़ घंटे अंदर दर्शन पूजन के बाद विधायक-मंत्री बाहर निकले। खास ये है कि सत्ता पक्ष के साथ साथ विपक्षी दलों के विधायक भी पूरी तरह राम धुन में मगन दिखाई दिए। अयोध्या दर्शन करने पहुंचे विधायकों में बीजेपी के सहयोगी दलों के साथ साथ आरएलडी, बसपा और कांग्रेस के भी विधायक शामिल हुए। जिन बसों से विधायकों को अयोध्या ले जाया गया, उन बसों के अंदर रामधुन भी बजाई गई। तमाम तरह के फूल लगाए गए थे। रास्ते में खाने-पीने की व्यवस्था भी की गई थी। इस अवसर पर बीजेपी और घटक दलों के विधायकों ने कहा कि यह 500 वर्षों बाद बड़ा पुनीत कार्य हुआ है। हम सबने सपना देखा था कि एक दिन प्रभु श्रीराम का मंदिर बनेगा और आज न सिर्फ मंदिर बन गया है, बल्कि दर्शन का अवसर भी मिल रहा है। आज उत्तर प्रदेश की सरकार बड़े सरकार के दरबार में हाजिरी लगाने जा रही है। इसके लिए हम सभी सीएम योगी के प्रति आभार जताते हैं, क्योंकि ये उन्हीं का विजन था कि पूरी सरकार और सभी दलों के विधायकों को एक साथ प्रभु श्रीराम के दर्शन कराए जाएंगे। यह ऐतिहासिक और कभी न भूलने वाला क्षण है। इससे पहले रामलला दर्शन के लिए अयोध्या जा रहे यूपी के मंत्रियों एवं विधायकों को अयोध्या की सीमा अशरफपुर गंगरेला पर भव्य स्वागत किया गया। रुदौली विधायक रामचंद्र यादव के नेतृत्व व मवई ब्लॉक प्रमुख तिवारी के संयोजन में भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। उत्साहित कार्यकर्ताओं ने स्वागत के दौरान जय श्रीराम का उदघोष किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *