अमेरिका के अस्पतालों में बढ़ रही कोरोना संक्रमितों की संख्या

अंतरराष्ट्रीय

ओरलैंडो।
अमेरिका में एक बार फिर एक दिन में सर्वाधिक मरीज मिलने से अस्पतालों में संक्रमितों की संख्या बढ़ गई है। आंकड़ों के अनुसार, फ्लोरिडा में कोविड से संक्रमित 10,207 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फ्लोरिडा अस्पताल संघ के अनुसार, इससे पूर्व टीकाकरण अभियान के शुरू होने से करीब छह महीना पहले 23 जुलाई 2020 को फ्लोरिडा में 10,170 लोग अस्पताल में भर्ती हुए थे। यूनिवर्सिटी ऑफ साउथ फ्लोरिडा में महामारी रोग विशेषज्ञ सहायक प्रोफेसर जेसन सलेमी के अनुसार, कोविड-19 से अस्पताल में भर्ती होने के मामले में फ्लोरिडा प्रति व्यक्ति दर के हिसाब से अभी शीर्ष पर है। पिछले सप्ताह फ्लोरिडा में औसतन रोजाना 1,525 वयस्क और 35 बच्चे अस्पतालों में भर्ती हुए थे और दोनों ही आंकड़े देश में प्रति व्यक्ति दर के हिसाब से अधिक हैं।
फ्लोरिडा में वायरस के बेहद संक्रामक डेल्टा स्वरूप के तेजी से फैलने और निवासियों के महामारी से पूर्व की सामान्य स्थिति में लौटने के कारण अस्पतालों में लोगों के भर्ती होने की संख्या और संक्रमण के मामले बढ़े हैं। शनिवार को जारी संघीय स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, फ्लोरिडा में कोविड-19 के 21,683 नए मामले आए जो महामारी की शुरुआत के बाद एक दिन में सबसे अधिक हैं। हालिया मामलों की पुष्टि शुक्रवार को हुई थी, जिन्हें शनिवार को अमेरिका के रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्रों की वेबसाइट पर जारी किया गया। महज एक दिन पहले फ्लोरिडा में कोविड-19 के 17,093 नए मामले आए थे। राज्य विधायिका के साथ ही रिपब्लिकन पार्टी से फ्लोरिडा के गवर्नर रोन डेसैंटिस ने अनिवार्य रूप से मास्क पहनने और टीके की आवश्यकताओं का विरोध किया है। साथ ही कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए जरूरी दिशा-निर्देशों एवं पाबंदियों का पालन कराने से संबंधित स्थानीय अधिकारियों के अधिकारों को सीमित कर दिया है। अगले महीने से स्कूलों में कक्षाएं शुरू होने के मद्देनजर डेसैंटिस ने छात्रों द्वारा मास्क पहनने की अनिवार्यता को शुक्रवार को खत्म कर दिया था। फ्लोरिडा की डेमोक्रेटिक पार्टी से कृषि आयुक्त निक्की फ्राइड ने रविवार को फ्लोरिडा में अब तक टीकाकरण से दूर रहे लोगों से टीके की खुराक लेने की अपील की। निक्की फ्राइड डेसैंटिस की जगह फ्लोरिडा की गवर्नर बनने की दौड़ में हैं। उन्होंने कहा कि हाल में राज्य में टीकाकरण में हुई बढ़ोतरी से वह बहुत खुश थीं। उन्होंने कहा कि मामलों में इजाफा जारी है और इसका हममें से हर एक व्यक्ति पर असर पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *