बेदाग रहा है मेरा पीएम के रूप में कार्यकाल : मोदी

उत्तरप्रदेश लाइव दिल्ली दिल्ली लाइव देश मुख्य समाचार राज्य लखनऊ

नई दिल्ली। लोकसभा चुनावों में देश की जनता से अपना तीसरा कार्यकाल मांगते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो टूक कहा है कि वह भाजपा सरकार का तीसरा कार्यकाल सत्ता भोग के लिए नहीं मांग रहे हैं, बल्कि जिस राष्ट्र संकल्प को लेकर वह निकले हैं उसकी पूर्ति के लिए यह जरूरी है। उन्होंने कहा कि पूरा देश मानता है 10 साल का उनका कार्यकाल आरोप मुक्त रहा है। 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकलना कोई सामान्य उपलब्धि नहीं है। देश को महाघोटाले और आतंकी हमलों से मुक्ति दिलाई है, गरीब और मध्यम श्रेणी के लोगों का जीवन बेहतर करने का प्रयास किया है।
मोदी ने कांग्रेस को भ्रष्टाचार, परिवारवाद, तुष्टिकरण और अस्थरिता की जननी करार दिया और कहा कि वह इतनी हताश हो गई है कि उसके पास भाजपा के वैचारिक विरोध का भी साहस नहीं रह गया है। कांग्रेस से देश को बचाना भाजपा के हर कार्यकर्ता का दायित्व है, क्योंकि उसका इतिहास सभी के सामने है। हर दल व नेता की सरकार को उसने अस्थिर किया। आज भी यह लोग अस्थिरता पैदा करने के लिए नई-नई साजिशें रच रहे हैं। कांग्रेस के पास विकास का न तो कोई एजेंडा है और न ही इसका कोई रोडमैप है। उसका सबसे बड़ा पाप देश की सेना का मनोबल तोड़ने की कोशिश है। भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा और सामरिक शक्ति को नुकसान पहुंचाने में कांग्रेस ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि अगले सौ दिन हम सबको जुटना है। हर नए मतदाता तक पहुंचना है और हर लाभार्थी तक पहुंचना है। हर घर, समाज, पंथ और सब लोगों के पास पहुंचना है और हमें सबका विश्वास हासिल करना है। यही समय है, सही समय है, देश के लिए सबको जोड़ें। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला किया। पीएम ने कहा कि उसमें वैचारिक विरोध का भी साहस नहीं रहा। गाली-गलौज और झूठे आरोप ही उसका एकमात्र एजेंडा है। भाजपा की दो दिवसीय राष्ट्रीय परिषद की बैठक समापन भाषण में मोदी ने देश के सामने साफ किया है कि भाजपा सरकार का तीसरा कार्यकाल क्यों जरूरी है। उन्होंने कहा कि वह राजनीति के लिए नहीं राष्ट्रनीति के लिए निकले हैं। वह शिवाजी को मानने वाले हैं। अपने सुख वैभव के लिए जीने वाले नहीं हैं। अगर वह अपने घर की चिंता करते तो आज करोड़ों गरीबों के घर नहीं बन पाते। वह देश के करोड़ों बच्चों के भविष्य के लिए जीते हैं। देश के युवाओं, महिलाओं और गरीबों के सपने व संकल्प को मोदी का संकल्प बताते हुए पीएम ने कहा कि वह इसकी पूर्ति के लिए ही दिन-रात एक कर रहे हैं। मोदी ने कहा कि 10 वर्षों में जो हासिल किया वह एक पड़ाव मात्र है। मंजिल तक पहुंचाने का एक नया विश्वास है। अभी देश के लिए और हर भारतीय के जीवन को बदलने के लिए बहुत कुछ हासिल करना है। इसके लिए बहुत से निर्णय अभी बाकी है। प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं को आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अगले सौ दिन नई ऊर्जा, नई उमंग, नए उत्साह, नया विश्वास और नए जोश के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज 18 फरवरी है और इस कालखंड में जो युवा 18 वर्ष के पड़ाव पर पहुंचे हैं वह देश की 18वीं लोकसभा का चुनाव करने वाले हैं। अगले 100 दिन हम सबको जुट जाना है। जब सबका प्रयास होगा तो देश की सेवा के लिए सबसे ज्यादा सीट भी भाजपा को ही मिलेगी। अगले पांच वर्षों में विकसित भारत के संकल्प को हासिल करने के लिए लंबी छलांग लगानी है, लेकिन इसके लिए पहली शर्त सरकार में भाजपा की जोरदार वापसी है। उन्होंने कहा जो लोग अब भी भाजपा से दूर हैं उन तक हमें पहुंचना है। सबका साथ, सबका विकास ही हमारा मंत्र है। पिछले 10 वर्षों में भारत ने जो गति हासिल की है और बड़े लक्ष्य प्राप्त करने का जो हौसला पाया है, वह अभूतपूर्व है। उन्होंने कहा कि अब देश छोटे सपने नहीं देख सकता है और न ही देश अब छोटे संकल्प ले सकता है। सपने भी विराट होंगे और संकल्प भी विराट होंगे। हमें भारत को विकसित बनाना है। अगले पांच वर्षों में भारत को पहले से भी कई गुना तेजी से काम करना है। मोदी ने कहा कि विपक्षी नेता भी अगली बार मोदी सरकार बोल रहे हैं। अगली बार राजग सरकार, 400 पार के नारे लगा रहे हैं। राजग को 400 पार करने के लिए भाजपा को 370 के मील का पत्थर पार करना ही होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *