राहुल गांधी का तंज, युवाओं को भ्रमित कर रही है सरकार

इलाहाबाद उत्तरप्रदेश लाइव गोरखपुर नोएडा बरेली मुरादाबाद मेरठ राष्ट्रीय लखनऊ वाराणसी

अलीगढ़। अलीगढ़ में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने सरकार पर तंज कसा। राहुल ने कहा कि रोजगार पर युवाओं को केंद्र और यूपी सरकार भ्रमित कर रही है। गरीबों-दलितों और पिछड़ों की जेब काटकर अमीरों को कर्जा माफ किया जा रहा है।
राहुल और प्रियंका गांधी रविवार को अलीगढ़ में भारत जोड़ो न्याय यात्रा को संबोधित कर रहे थे। सुबह करीब साढ़े नौ बजे बुलंदशहर से अलीगढ़ पहुंची जहां जमालपुर में यात्रा का स्वागत किया गया। इसके बाद शमशाद मार्केट में राहुल गांधी ने अपने संबोधन की शुरुआत भाजपा पर निशाना साधते हुए की। उन्होंने कहा कि हमने एक साल पहले देश में यात्रा शुरू की थी। वह इसलिए कि भाजपा के लोग एक धर्म से दूसरे धर्म के लोगों को लड़ाने व देश में नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं। राहुल ने जनता से सवाल किया कि मैं आपसे पूछता हूं, अगर परिवार में लड़ाई होती है तो क्या एक भाई दूसरे भाई को मारता है। अगर देश को कोई तोड़ता है, तो देशभक्त का काम क्या होता है, देश को बचाना या नफरत की आग में झोंकना। हमारी यात्रा का संदेश नफरत के खिलाफ गया, मोहब्बत का पैगाम फैलाना है। मोहब्बत की दुकान का नारा हमारा नहीं बल्कि भीड़ के दिल के बीच में से निकला है। राहुल गांधी ने रोजगार व युवाओं को लेकर सवाल खड़े करते हुए कहा कि देश का युवा कोचिंग के लिए रकम देता है, फिर परीक्षा के लिए फॉर्म भरता है, और जब परीक्षा देने जाता है तो दूसरे के मोबाइल पर पूरा सॉल्व पेपर देखकर उसके अरमान टूट जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि यह पेपर लीक ये सरकार कराती है। अग्निवीर योजना पर सवाल खड़े करते हुए उन्होंने कहा कि इस योजना से देश में दो तरह के शहीद कहलाएंगे। एक वह जो अपनी मेहनत से फौज में भर्ती होगा और शहीद होगा तो उसके परिजनों को पेंशन, कैंटीन मिलेगी। वहीं जो अग्निवीर योजना के तहत भर्ती होंगे और मारे जाएंगे तो वह शहीद नहीं कहलाएंगे। अग्निवीर योजना में केवल गरीबों को निकाला जाएगा और अमीरों को रखा जाएगा। राहुल गांधी ने कहा कि देश में पिछड़े 50 प्रतिशत, दलित 15 प्रतिशत और आदिवासी, अल्पसंख्यकों को मिलाकर 90 फीसदी आबादी है। फिर भी यह 90 फीसदी लोग आपको कहां मिलेंगे, मनरेगा की सूची में, मजदूरों की सूची में, सफाई कर्मचारियों में और जेल में, जो 10 फीसदी लोग हैं वह इस देश की छोटी-बड़ी कंपनियों के मालिकों में शामिल हैं। सामान्य वर्ग के गरीबों, पिछड़ों की रोजाना पेट्रोल और दूसरे सामान के नाम पर जेब काटी जा रही है। इस पैसे से सरकार किसान, गरीब, युवा का कर्ज नहीं बल्कि देश के उद्योगपतियों, अमीरों का कर्जा माफ कर रही है। राहुल गांधी ने कहा कि देश में चीन का मोबाइल बिकने से उद्योगपतियों को फायदा हो रहा है। देश के युवाओं को इससे कोई फायदा नहीं होगा। जब हिन्दुस्तान का युवा हिन्दुस्तान के लिए मोबाइल बनाएगा तो रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि 10 साल बाद जब वह अलीगढ़ आएं तो मोबाइल पर लिखा हो मेड इन अलीगढ़, तब युवा बेरोजगार नहीं होगा। प्रियंका गांधी वाड्रा ने रोजगार व किसानों को गन्ने के दाम पर केंद्र सरकार घेरा। प्रियंका ने कहा कि देश में बेरोजगार को रोजगार नहीं मिल रहा है। आठ साल में गन्ने का दाम 55 रुपये बढ़ाया गया। चीनी, दाल, टमाटर, दाल के रेट आसमान छू रहे हैं। अलीगढ़ के बाद भारत जोड़ो न्याय यात्रा हाथरस पहुंची। यात्रा के स्वागत के लिए कई जगह द्वार बनवाए गए थे। जगह-जगह कांग्रेस, सपा और लोकदल के कार्यकर्ताओं ने तैयारी की हुई थी, लेकिन यात्रा के नहीं रुकने व संबोधन नहीं होने से सभी लोग मायूस हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *