यूपी की जनता बदलाव चाहती है : अखिलेश

आगरा इलाहाबाद उत्तरप्रदेश लाइव गोरखपुर नोएडा बरेली मुख्य समाचार मुरादाबाद मेरठ राज्य समाचार राष्ट्रीय लखनऊ वाराणसी

लखनऊ। राजेंद्र तिवारी
जनता बदलाव चाहती है। 2022 में समाजवादी पार्टी पूरी ताकत के साथ सत्ता में आएगी। आज नौजवान, किसान और व्यापारी परेशान है। भाजपा ने गरीबों का वोट लेकर पूंजीपतियों से नोट ले लिया। सपा के सत्ता में आने पर सब का कल्याण होगा। यह बातें पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जनादेश रैली में कहीं।
अखिलेश रविवार को जिला मुख्यालय पर पूर्व मंत्री लालजी वर्मा और पूर्व मंत्री राम अचल राजभर की तरफ से आयोजित जनादेश महारैली को संबोधित कर रहे थे। अखिलेश ने आरोप लगाया कि प्रदेश में तीन-तीन इंजन की सरकार चल रही है। मोदी और योगी के अलावा लखीमपुर में भी एक सरकार चल रही है, जहां देश के गृह राज्य मंत्री किसानों को गाड़ियों से कुचल रहे हैं। सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों और गरीबों को महंगाई के सिवा कुछ नहीं दिया है। आज बिजली बिल आने पर गरीबों को करंट लगता है। किसान भाजपा नेताओं की गाड़ियों के तले कुचले जा रहे हैं। अखिलेश ने डॉ भीमराव अंबेडकर और लोहिया की विचारधारा को जोड़ते हुए कहा कि दोनों ही नेताओं की सोच एक थी और इसी सोच के बदौलत अब 2022 में सपा की सरकार आएगी। पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों से रैली में आए लोगों से अखिलेश यादव ने कहा कि इस जनादेश रैली से पूर्वांचल के साथ-साथ प्रदेश और देश में भी संदेश जाएगा। बुनकरों और किसानों के दर्द को सहलाते हुए कहा कि सरकार आने पर सबका कल्याण होगा। महंगाई पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि जिन लोगों ने उज्ज्वला सिलेंडर दिए आज वह गरीबों के काम नहीं आ रहे हैं। महंगाई इतनी बढ़ गई है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लाल रंग के गैस सिलेंडर का नाम भी बदल सकते हैं। गरीबों को हवाई जहाज पर बैठाने का सपना मोदी सरकार ने दिखाया था, लेकिन आज गरीब बेहाल है। 2022 में बीजेपी हारती है तो पेट्रोल और डीजल के दाम और कम होंगे। अभी उपचुनाव हारने पर ही दाम कम करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबों का वोट लेकर पूंजीपतियों से नोट लिया। कोरोना काल में सरकार ने गरीबों को अनाथ कर दिया था। गंगा में लाशें बह रही थी। भाजपा ने विदेशों में सबसे ज्यादा भारत का नाम बदनाम किया। पूर्व मंत्री लालजी वर्मा व राम अचल राजभर ने अपने समर्थकों के साथ सपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दोनों को पार्टी का झंडा देकर पार्टी में शामिल करते हुए स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *