लखनऊ, राजेंद्र तिवारी। यूपी में एक मां ने अपने दामाद को बचाने के लिए पुलिस से गुहार लगाई है। महिला ने पुलिस से कहा कि मेरी बेटी भी सोनम रघुवंशी की तरह अपने पति की हत्या कर सकती है। महिला की बात सुनकर सभी शामली पुलिस में हड़कंप मच गया। इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या में सोनम की गिरफ्तारी के बाद इसी तरह की आशंका जताने वाला मामला शामली के चौसाना में सामने आया है। यहां एक मां अपनी ही विवाहिता बेटी की शिकायत लेकर पुलिस चौकी पहुंची। गिड़गिड़ाते हुए बोली, साहब! मेरी बेटी भी अपने प्रेमी के साथ मिलकर राजा रघुवंशी की तरह मेरे दामाद की हत्या करा सकती है। यह सुन कर चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मी भी चौंक गए। दूसरी ओर, पति ने भी पत्नी से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों को पाबंद किया है।
चौसाना चौकी क्षेत्र के गांव अलीपुरा निवासी ग्रामीण की पत्नी के शादी के करीब 12 साल बाद पड़ोस के एक युवक से प्रेम संबंध हो गए। विवाहिता के पति ने ससुरालियों को यह बताया तो महिला को उसके घर वाले उसे मेरठ स्थित मायके ले आए। मायके से विवाहिता पांच दिन बाद ही अपने प्रेमी संग फरार हो गई। आरोप है कि बुधवार रात विवाहिता वापस अपने पति के घर पहुंच गई। उसने अपने प्रेमी व अन्य लोगों के साथ मिलकर घर में तोड़फोड़ करते हुए अपने देवरों के साथ मारपीट की। हंगामे के बाद महिला घर में ही रहने की जिद करने लगी। पति ने उसे घर से जाने को कहा तो उसने इनकार कर दिया।उधर, बीवी की हरकतों से आजिज पीड़ित ने फिर पूरे मामले की जानकारी अपने ससुराल वालों को दी। इस पर आरोपी युवती की मां व कुछ करीबी लोग अलीपुरा पहुंच गए। मां ने चौसाना पुलिस को दी तहरीर में कहा कि सोनम-राजा रघुवंशी कांड की तरह उसकी बेटी व उसका प्रेमी उसके दामाद की हत्या की साजिश कर सकते हैं। उसने पुलिस से अपने दामाद की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने दोनों पक्षों को मुचलका पाबंद कर घर भेज दिया।