नई दिल्ली, देव कुमार। ऑटोमोटिव व्यवसायी और अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर का दिल का दौरा पड़ने से गुरुवार को इंग्लैंड में निधन हो गया। वह 53 वर्ष के थे।
व्यापारिक सलाहकार सुहेल सेठ ने ‘एक्स’ पर उनके निधन की पुष्टि की। उन्होंने लिखा कि पोलो खेलते समय मधुमक्खी निगलने के बाद कपूर को दिल का दौरा पड़ा जिसके बाद उनकी मृत्यु हो गई। सेठ ने इसे बड़ी क्षति बताते हुए परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। वहीं कपूर की कंपनी सोना कॉमस्टार ने भी ‘एक्स’ पोस्ट में निधन की जानकारी दी। संजय कपूर ने वर्ष 2003 में फिल्म अभिनेत्री करिश्मा कपूर से शादी की थी जिनसे 2016 में उनका तलाक हो गया था। करिश्मा से संजय कपूर के दो बच्चे हैं। इससे पहले वह फैशन डिज़ाइनर नंदिता महतानी से शादी कर चुके थे। करिश्मा से तलाक के बाद उन्होंने पूर्व मॉडल प्रिया सचदेव से शादी की। प्रिया सचदेव से भी उनका एक बेटा है। संजय कपूर ने अपने निधन से तीन दिन पहले सोमवार को सोशल मीडिया पर एक ऐसी दार्शनिक पोस्ट की थी जिसे पढ़कर अब लोग कह रहे हैं कि क्या कपूर को अपनी मौत का अंदेशा हो गया था। सोमवार को उन्होंने लिखा था कि तुम्हारा धरती पर समय सीमित है। ‘क्या होगा’ इसे दार्शनिकों पर छोड़ दें और ‘क्यों नहीं’ पर ध्यान दें। संजय कपूर ने अपनी मौत से चंद घंटे पहले अहमदाबाद विमान हादसे में मारे गए लोगों के प्रति अपनी शोक संवेदनाएं सोशल मीडिया पर व्यक्त की थीं। अब उनके निधन की खबर के बाद सोशल मीडिया पर लोग हैरान है। एक सोशल मीडिया यूजर ने लिखा कि जीवन बेहद अनिश्चित है। कुछ घंटे पहले जो दूसरों के लिए दुआ कर रहा था, अब हर कोई उसी के लिए दुआ कर रहा है।
