जीत का मंत्र देकर नड्डा ने उत्तराखंड में चुनावी बिगुल फूंका

उत्तराखंड लाइव गढ़वाल देहरादून मुख्य समाचार

देहरादून। अनीता रावत

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दो दिवसीय प्रवास के पहले दिन विधान सभा चुनाव का शंखनाद कर जीतने के लिए भाजपा नेताओं का मार्गदर्शन करने के साथ ही उन्हें मूलमंत्र भी दिया।
शुक्रवार सुबह जौलीग्रांट एयरपोर्ट से हरिद्वार तक विभिन्न स्थानों पर भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। हरिद्वार सीमा पर बारिश के बीच सप्तऋषि में स्वागत को उमड़े सैकड़ों कार्यकर्ताओं की भीड़ देख नड्डा गदगद हो उठे। पहले दिन नड्डा ने प्रदेश और जिला संगठन समेत मोर्चा प्रदेश अध्यक्षों के अलावा सांसद व विधायकों के साथ बैठक की। शाम को प्रदेश मंत्रिमंडल व निकाय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर नड्डा ने जनता के साथ अधिक संवाद स्थापित करने और प्रवास कार्यक्रमों में अधिक सक्रियता बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि अगले तीन महीनों में जनता के साथ संवाद में तेजी आनी चाहिए साथ ही सरकार विकास योजनाओं के शिलान्यास और लोकापर्ण का काम जल्द शुरू करे। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि संगठन के नेता चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं की नाराजगी को दूर करने का काम करे। कार्यकर्ता किसी भी सूरत में नाराज नहीं होना चाहिए। यही नहींनड्डा ने बैठकों में भाजपा नेताओं को कार्यकर्ताओं के साथ अच्छा व्यवहार करने के साथ ही और अच्छा काम करने को लेकर उनका मार्गदर्शन किया। पदाधिकारियों को शक्ति केंद्र व बूथ स्तर पर संवाद व प्रवास कार्यक्रम करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनने के साथ ही कहा कि सरकार जनअपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कोविड कॉल को देखते हुए पर्यटन गतिविधियों के ठप होने के मद्देनजर विभिन्न व्यावसायियों से जुड़े लोग, स्वास्थ्य कर्मी और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए अलग-अलग आर्थिक पैकेज घोषित किए गए। प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को संगठन द्वारा प्रदेश में चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों और अभियानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कहा कि कोरोना की तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए प्रदेश भर में प्रत्येक बूथ पर स्वास्थ्य स्वयं सेवक तैयार कर दिए गए हैं। जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि प्रवास कार्यक्रम के जरिए जनता से सीधा संवाद करने को कहा। इसके लिए प्रदेश पदाधिकारी जिले में प्रवास करें। जिले के मंडल व मंडल लके शक्ति केंद्रों में प्रवास कार्यक्रम बनाए। कहा कि जनता से संवाद में हमारे पास कार्यों की तथ्यपरक जानकारी हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *