भारत का स्वर्णिम समय आयाः मोदी

दिल्ली दिल्ली लाइव देश मुख्य समाचार राजधानी राज्य

जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को एक कार्यक्रम में कहा कि आजादी के बाद आज भारत के पास स्वर्णिम काल खंड आया है और वह पूरे आत्मविश्वास से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत बनाने के लिए हम देश के चार वर्गों युवा, महिला, किसान और गरीब को मजबूत बनाने में जुटे हैं। हमारे लिए यही चार सबसे बड़ी जातियां हैं।
मोदी ने विकसित भारत-विकसित राजस्थान कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए संबोधित किया। उन्होंने कहा, मुझे खुशी है कि चार वर्गों के सशक्तीकरण के लिए मोदी ने जो गारंटी दी उन्हें डबल इंजन सरकार पूरा कर रही है। अपने पहले बजट में ही राजस्थान की भाजपा सरकार ने युवाओं के लिए 70 हजार भर्तियां निकाली हैं। विकसित भारत के लिए विकसित राजस्थान का निर्माण बहुत जरूरी है। मोदी ने कहा कि आज हम बड़े सपने देख रहे हैं, बड़े संकल्प ले रहे हैं और उन्हें पाने के लिए तन मन से जुटे हैं। उन्होंने कहा कि जब मैं विकसित भारत की बात करता हूं तो यह केवल शब्द भर नहीं है। यह हर परिवार का जीवन समृद्ध बनाने का अभियान है। यह गरीबी को जड़ से मिटाने का अभियान है। यह देश में आधुनिक सुविधाएं बनाने का अभियान है। इस अवसर पर उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वह न तो भविष्य को भांप सकती है और न ही भविष्य के लिए उसके पास कोई कार्ययोजना है। कांग्रेस के पास एक ही एजेंडा मोदी विरोध है और आज हर कोई उसका साथ छोड़ रहा है क्योंकि वहां सिर्फ एक परिवार ही दिखता है। जब कोई पार्टी परिवारवाद, वंशवाद के घोर कुचक्र में फंस जाती है, तो उसके साथ ऐसा ही होता है। मोदी ने कहा, आज हर कोई कांग्रेस का साथ छोड़ रहा है, सिर्फ एक परिवार ही वहां दिखता है। ऐसी राजनीति युवा भारत को बिलकुल प्रेरित नहीं करती। प्रधानमंत्री ने कहा, 2014 से पहले पूरे देश में होने वाले बड़े-बड़े घोटालों की चर्चा ही रहती थी। तब आए दिन होने वाले बम धमाकों की चर्चा होती थी और देश के लोग सोचते थे कि हमारा, देश का क्या होगा? कांग्रेस के राज में चारों तरफ तब यही माहौल था। अधिकारियों के अनुसार यह कार्यक्रम राजस्थान के सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित किया गया। मुख्य कार्यक्रम जयपुर में हुआ जहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी शामिल हुए। कार्यक्रम में मोदी कांग्रेस पर करारा हमला किया। उन्होंने राजस्थान के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार की ओर इशारा करते हुए कहा, आपने हाल ही में कांग्रेस को सबक सिखाया लेकिन ये मानते ही नहीं। आज भी इनका एक ही एजेंडा है। मोदी को अपशब्द कहो। जो भी मोदी को जितनी ज्यादा अपशब्द कह सकता है उसे कांग्रेस उतना ही जोर से गले लगाती है। ये विकसित भारत का नाम तक नहीं लेते क्योंकि मोदी इसके लिए काम कर रहा है। मोदी ने कहा, कांग्रेस के साथ एक बहुत बड़ी समस्या यह है कि वह दूरगामी सोच के साथ सकारात्मक नीतियां नहीं बना सकती। कांग्रेस न भविष्य को भांप सकती है और न ही भविष्य के लिए उसके पास कोई रोडमैप है। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने राजस्थान से जुड़ी 17 हजार करोड़ रुपए से अधिक लागत की विकास परियोजनाओं का डिजिटल माध्यम से लोकार्पण और शिलान्यास किया। मोदी ने विकसित भारत-विकसित राजस्थान कार्यक्रम को संबोधित करने से पहले रिमोट दबाकर इन परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। उन्होंने सड़क, रेलवे, सौर ऊर्जा, विद्युत पारेषण, पेयजल तथा पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों से संबंधित विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।प्रधानमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं रेल, सड़क, सौर उर्जा व पानी जैसे विकास कार्यक्रमों से जुड़ी हैं और राज्य के हजारों युवाओं को रोजगार देने वाली हैं। आधिकारिक बयान के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य में पांच हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने झुंझुनू, आबू रोड और टोंक जिलों में सड़क आधारभूत अवसंरचना में सुधार की कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया। बयान के अनुसार प्रधानमंत्री ने क्षेत्र में रेल अवसंरचना को मजबूत करते हुए लगभग 2,300 करोड़ रुपये की राजस्थान की आठ महत्वपूर्ण रेलवे परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं और उनकी आधारशिला रखी। इसी तरह प्रधानमंत्री ने जयपुर के खातीपुरा रेलवे स्टेशन को भी राष्ट्र को समर्पित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *