रामलला दरबार पहुंची उत्तराखंड की धामी सरकार

अल्मोड़ा उत्तरप्रदेश लाइव उत्तराखंड लाइव ऊधम सिंह नगर गढ़वाल देहरादून नैनीताल मुख्य समाचार लखनऊ हरिद्वार

अयोध्या। रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद मंगलवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों ने अयोध्या पहुंच कर दर्शन-पूजन किया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अयोध्या और देवभूमि का गहरा नाता है। उन्होंने कहा कि मां सरयू का उदगम ही उत्तराखंड से है। उन्होंने कहा कि भगवान राम ने देव प्रयाग में स्थित रघुनाथ मंदिर में पितृ यज्ञ किया था। इसके कारण पांच सौ सालों की प्रतीक्षा के बाद राम मंदिर निर्माण होने से उत्तराखंड वासी भी प्रसन्न हैं। उन्होंने अपना संस्मरण बताते हुए कहा कि लखनऊ विश्वविद्यालय में अध्ययन के दौरान जब अयोध्या आता था तो टेंट में रामलला का दर्शन मिलता था। अब राम मंदिर का निर्माण होना सनातनियों की विजय है। उन्होंने कहा कि यदि जमीन मिली तो अयोध्या में उत्तराखंड सरकार अपना भवन बनाएगी। मुख्यमंत्री धामी ने राम मंदिर परिसर में करीब 45 मिनट व्यतीत कर मंदिर की कारीगरी का अवलोकन किया।
इसके पहले महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर उनका विमान एक घंटे विलंब से सुबह लगभग साढ़े 11 बजे पहुंचा। एयरपोर्ट पर यूपी सरकार के खाद्य एवं रसद मंत्री सतीश शर्मा, सदर विधायक अयोध्या वेद प्रकाश गुप्ता, जिलाधिकारी नितीश कुमार, जिलाध्यक्ष भाजपा संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष भाजपा कमलेश श्रीवास्तव ने स्वागत किया। शानदार स्वागत के बाद सीएम अपने विशेष वाहन से राममंदिर के लिए रवाना हुए। वहीं ई-बस से बाकी के मंत्रीगण अयोध्या में गेट नंबर 11 से दोपहर साढ़े 12 बजे मंदिर में प्रवेश किया। मंदिर में कमिश्नर गौरव दयाल, आईजी प्रवीण कुमार ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के साथ राम युग का आगमन हो गया है। उन्होंने कहा कि यह आह्लाद का क्षण है और व्यक्तिगत रूप से हम सबके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार से भूमि की अपेक्षा की है। यह भूमि मिलने पर यहां उत्तराखंड सदन का निर्माण कराया जाएगा जिससे रामभक्त व राष्ट्र भक्त उत्तराखंड वासी यहां आ सकें। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय ने सभी को प्रसाद दिया। अयोध्या एयरपोर्ट पर कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति से मुख्यमंत्री धामी का स्वागत किया। उन पर फूल बरसाए गए व तिलक किया गया। पुष्कर सिंह धामी देहरादून एयरपोर्ट से स्टेट प्लेन से अयोध्या के लिए रवाना हुए थे। उनके साथ उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, सुबोध उनियाल, धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, प्रेम चन्द्र अग्रवाल व राज्य सभा सांसद नरेश बंसल सहित अन्य मंत्री भी आए थे। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर उत्तराखंड प्रदेश से आए अतिथियों की सुरक्षा व्यवस्था के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *