कर्नाटक में प्रियंका हुई हमलावर, बोलीं- मेरी मां का मंगलसूत्र देश के लिए कुर्बान हुआ

दिल्ली दिल्ली लाइव देश मुख्य समाचार राज्य

कर्नाटक। मेरी मां का मंगलसूत्र इस देश के लिए कुर्बान हुआ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर पलटवार करते हुए कर्नाटक में यह बातें कहीं।
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में जनसभा को संबोधित प्रियंका गांधी ने कहा कि पिछले दो दिनों में यह शुरू हुआ है कि कांग्रेस के लोग आपका मंगलसूत्र और सोना छीनना चाहते हैं। यह देश 70 वर्षों से स्वतंत्र है। 55 वर्षों के लिए कांग्रेस की सरकार रही, तब क्या किसी ने आपका सोना छीना और आपके मंगलसूत्र छीने? जब देश में जंग हुई थी तब इंदिरा गांधी ने अपना सोना देश को दिया था और मेरी मां का मंगलसूत्र (राजीव गांधी) इस देश के लिए कुर्बान हुआ है। प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि आवाज दबाकर, बैंक खाते जब्त कर और दो मुख्यमंत्रियों को जेल में डालकर विपक्ष को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। इसके साथ ही कहा कि एक समय था जब कोई नेता खड़ा होता था तो देश की जनता उससे नैतिकता की उम्मीद करती थी, लेकिन आज देश का सबसे बड़ा नेता नैतिकता छोड़ कर आपके सामने नाटक करता है। प्रियंका गांधी ने टिप्पणी की कि एक समय था जब हमें उम्मीद थी कि हमारे नेता सच्चाई पर चलेंगे, लेकिन आज देश का सबसे बड़ा नेता अपना रसूख, अपना गौरव और अपनी प्रसिद्धि दिखाने के लिए बाहर जाता है, लेकिन सच्चाई के रास्ते पर नहीं चलता है। प्रियंका गांधी ने भाजपा पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष को भ्रष्ट कहकर निशाना बनाया जाता है, लेकिन वास्तविकता यह है कि भाजपा भ्रष्ट है। उसने पिछले 10 वर्षों में देश को गुमराह किया है। चुनावी बॉन्ड योजना पर कांग्रेस नेता ने कहा कि जिन कंपनियों पर छापे मारे गए, उन्होंने भाजपा को चंदा दिया। इसके उन कंपनियों के खिलाफ मामले बंद कर दिए गए। उन्होंने आश्चर्य जताया कि जो कंपनियां 100 करोड़ रुपये भी कमाने में असमर्थ थीं, उन्होंने भाजपा को 1,100 करोड़ रुपये का चंदा कैसे दिया। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि अब यह स्पष्ट हो गया है कि कैसे नोटबंदी के जरिये काले धन को सफेद किया गया और फिर इसे भाजपा के खाते में जमा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *