देहरादून, टीएलयू। पटेलनगर थाना क्षेत्र में पड़ोसी युवक ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। गर्भवती होने पर घर पर ही जबरन गर्भपात कराने की कोशिश की गई। अत्यधिक रक्तस्राव होने पर किशोरी को अस्पताल लाया गया। यहां गर्भपात के बाद निकले भ्रूण को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पॉक्सो समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। घटना के विरोध में कुछ संगठनों ने दून अस्पताल में प्रदर्शन भी किया।
एसएसपी अजय सिंह ने मंगलवार को बताया कि 15 वर्षीय किशोरी अपनी बड़ी बहन के साथ पटेलनगर थाना क्षेत्र में रहती है। किशोरी की मां की कोरोना के समय मौत हो गई थी, जबकि पिता लापता हैं। बड़ी बहन भी शारीरिक रूप से बीमार और एनीमिया से पीड़ित हैं। आरोपी युवक इनके पड़ोस में रहता है। आरोप है कि युवक करीब एक साल से किशोरी के साथ दुष्कर्म कर रहा था। इस बीच किशोरी गर्भवती हो गई। इस पर आरोपी ने किशोरी को गर्भपात की दवा खिला दी। जिसके चलते सोमवार रात को किशोरी की तबीयत बेहद खराब हो गई। किशोरी को गंभीर अवस्था में दून अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामला संवेदनशील होने के कारण अस्पताल में काफी संख्या में पुलिस मौजूद रहा। कुछ संगठनों ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन भी किया। एसएसपी ने बताया कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
