चार भारतीय हवाई अड्डा दुनिया के 100 श्रेष्ठ हवाई अड्डों में शामिल

दिल्ली दिल्ली लाइव मुख्य समाचार

नई दिल्ली। दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ हवाई अड्डों की सूची गुरुवार को जारी हुई। इसमें भारत के चार हवाई अड्डे दिल्ली, बेंगलुरु, मुंबई और हैदराबाद ने भी जगह बनाई है। सर्वश्रेष्ठ 50 में सिर्फ दिल्ली शामिल है। हवाई अड्डा उद्योग का ऑस्कर कहलाने वाले प्रतिष्ठित स्काईट्रैक्स वर्ल्ड एयरपोर्ट अवार्ड्स-2024 के 13वें साल यह खिताब दोहा के हमाद अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को मिला। 12 बार खिताब अपने नाम करने वाला सिंगापुर चांगी इस बार सूची में दूसरे पायदान पर रहा। सियोल इंचियोन ने तीसरा स्थान हासिल किया है, जबकि टोक्यो के हानेडा और नारिता हवाई अड्डे चौथे और पांचवें स्थान पर रहे। यह सूची दुनिया भर के हवाई यात्रियों के वोटों के आधार पर तैयार की जाती है। स्काईट्रैक्स वर्ल्ड एयरपोर्ट अवार्ड्स द्वारा जारी 100 सर्वश्रेष्ठ हवाई अड्डों की सूची में भारत के सिर्फ चार हवाई अड्डे जगह बना सके हैं। दिल्ली हवाई अड्डे ने सूची में 36वां स्थान बरकरार रखा है। जबकि, मुंबई हवाई अड्डे की रैंक पिछले साल के 84वें स्थान से लुढ़कर 95वें स्थान पर आ गई है। बेंगलुरु हवाई अड्डे ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 10 रैंक की छलांग लगाई है। बेंगलुरु पिछले साल के 69वें से बढ़कर 59वें स्थान पर पहुंच गया। हैदराबाद हवाई अड्डा चार पायदान ऊपर चढ़कर 65वें क्रम से बढ़कर 61वें स्थान पर पहुंच गया। दोहा का हमाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा 2024 में दुनिया का सबसे बेहतरीन हवाई अड्डा चुना गया। दोहा शहर का मुख्य हवाई अड्डा कतर की राजधानी के आकार का लगभग एक तिहाई माना जाता है। यह लगभग छह लाख वर्ग मीटर में फैला हुआ है। हमाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पिछले साल दूसरे पायदान पर था। इसे दुनिया में वास्तुशिल्प कला का बेहतरीन उदाहरण माना जाता है। इसके अलावा यहां का टर्मिनल कैम्‍पस लग्‍जरी के हिसाब से भी बेहद शानदार है। हॉन्ग कॉन्ग, रोम, वियना, हेलसिंकी, मेड्रिड, नागोया, वेंकूवर, कंसाई, मेलबर्न और कोपेनहेगन एयरपोर्ट को टॉप 20 में जगह मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *