अफगानिस्तान में कत्लेआम, 100 लोगों को भून डाला

अंतरराष्ट्रीय

काबुल।
अफगानिस्तान के कंधार प्रांत के स्पिन बोल्डक जिले में बंदूकधारियों के एक समूह ने 100 से अधिक नागरिकों की हत्या कर दी। टोलो न्यूज ने गुरुवार को सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है। अफगानिस्तान के गृह मंत्रालय ने नागरिकों की हत्या के लिए तालिबान को जिम्मेदार ठहराते हुए रिपोर्ट की पुष्टि की।आंतरिक मंत्रालय के प्रवक्ता मीरवाइस स्टेनकजई ने कहा कि अपने पाकिस्तानी आकाओं के आदेश पर क्रूर आतंकवादियों ने स्पिन बोल्डक के कुछ इलाकों में निर्दोष अफगानों के घरों पर हमला किया। घरों को लूट लिया और 100 निर्दोष लोगों को गोली मार दी। उन्होंने कहा कि यह क्रूर दुश्मन के असली चेहरे का खुलासा करता है। पिछले हफ्ते तालिबान ने स्पिन बोल्डक पर कब्जा कर लिया था और इसके माध्यम से तोड़फोड़ की थी। फ्रांस के चैनल द्वारा जारी किए गए वीडियो में तालिबान के कई सदस्यों को शहर में तोड़फोड़ करते, घरों को लूटते और सरकारी अधिकारियों के वाहनों को जब्त करते हुए दिखाया गया है। वहीं, अफगान सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार स्पिन बोल्डक में कई नागरिकों के शव अब भी जमीन पर पड़े हैं। कंधार की प्रांतीय परिषद के एक सदस्य ने बताया कि अज्ञात बंदूकधारियों ने ईद से एक दिन पहले उसके दो बेटों को घर से निकाल दिया और फिर उनकी हत्या कर दी।तालिबान का अफगानिस्तान की 90 प्रतिशत सीमाओं पर कब्जा करने का दावा बिल्कुल झूठ है। रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि देश की सीमाओं पर सरकारी बलों का नियंत्रण है। यह निराधार दुष्प्रचार है। रक्षा मंत्रालय के उप प्रवक्ता फवाद अमन ने बताया, यह बिल्कुल गलत है। तालिबान का दावा गुरुवार को तब आया जब समूह ने हाल के हफ्तों में ईरान, ताजिकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान और पाकिस्तान के साथ प्रमुख सीमा पार पर कब्जा कर लिया। उधर, शुक्रवार को अमन ने जोर देकर कहा कि सरकारी बलों का देश की सीमाओं और सभी मुख्य शहरों और राजमार्गों पर नियंत्रण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *